सीतापुर में मतपत्र छीनने पर सपा-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, VIDEO:एजेंट को बूथ से बाहर निकालने का आरोप, एसडीएम ने संभाला मोर्चा

Oct 23, 2026 - 15:20
0
सीतापुर में मतपत्र छीनने पर सपा-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, VIDEO:एजेंट को बूथ से बाहर निकालने का आरोप, एसडीएम ने संभाला मोर्चा
सीतापुर के महोली कोतवाली इलाके में लखनऊ खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन चुनाव के दौरान शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे खंड विकास कार्यालय के बाहर समाजवादी पार्टी और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। सपा नेताओं ने भाजपा के एजेंटों पर महिला मतदाता से मतपत्र छीनने और विरोध करने पर सपा एजेंट को बूथ से बाहर निकालने का आरोप लगाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। हालांकि, प्रशासन ने मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चलने की बात कही है। महोली के सपा विधानसभा अध्यक्ष रमेश चंद्र शुक्ला के मुताबिक, बूथ संख्या 112 पर सुनील वर्मा और दीपक सिंह एजेंट हैं। आरोप है कि मतदान के दौरान एक युवती वोट डालने पहुंची थी, तभी उसका मतपत्र भाजपा कार्यकर्ता द्वारा छीन लिया गया। इस पर आपत्ति जताने वाले सपा एजेंट को बूथ से बाहर कर दिया गया। इसके बाद एजेंट ने पूर्व विधायक और चुनाव प्रभारी अनूप गुप्ता को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर अनूप गुप्ता मौके पर पहुंचे। इसी दौरान भाजपा विधायक शशांक त्रिवेदी भी वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। सपा एजेंट ने अधिकारियों के सामने अपनी बहन से मतपत्र छीने जाने की बात कही। विवाद बढ़ता देख उपजिलाधिकारी शैलेंद्र गौतम और इंस्पेक्टर जेबी पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। साथ ही स्पष्ट किया कि दोनों दलों के एजेंट अपने-अपने बूथ पर रहेंगे। इसके बाद मामला शांत हुआ। घटना की सूचना पर धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुनीं और फिर पिसावां में मतदान करने के लिए रवाना हो गए। सपा कार्यकर्ताओं ने सहकारी गन्ना विकास समिति के चेयरपर्सन धीरेंद्र प्रताप सिंह चौहान पर भी मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाया। उपजिलाधिकारी शैलेंद्र गौतम ने बताया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है। कहीं भी विवाद की स्थिति नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User