देवरिया में जनगणना 3 चरणों में होगी:16 से 30 नवंबर तक खुद भर सकेंगे जानकारी, पोर्टल पर होंगे आवेदन
देवरिया जिले में जनगणना की प्रक्रिया 3 चरणों में पूरी की जाएगी। पहला चरण 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा, जिसमें नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपदवासियों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।
डीएम ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि जिले, गांव और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं तैयार करने का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक परिवार की सही जानकारी से स्थानीय आवश्यकताओं का आकलन करने में मदद मिलेगी।
16 से 30 नवंबर तक स्वयं ऑनलाइन जनगणना
इस चरण में नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर निर्धारित 40 बिंदुओं के तहत अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। विवरण भरने के बाद सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (एसई आईडी) जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। जो लोग ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर सकेंगे, वे निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से प्रगणक को विवरण उपलब्ध करा सकेंगे।
1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर सर्वेक्षण
इस अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से जनगणना संबंधी जानकारी एकत्र करेंगे और उसका सत्यापन करेंगे। ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने वाले परिवारों को अपनी एसई आईडी प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी, ताकि पोर्टल पर दर्ज विवरण का सत्यापन किया जा सके। अन्य परिवारों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से जुटाई जाएगी।
5 से 9 जनवरी तक जानकारी का पुनरीक्षण
इस चरण में प्रगणक घर-घर जाकर दर्ज विवरण का पुनरीक्षण करेंगे। चार जनवरी 2027 की मध्यरात्रि को निर्धारित संदर्भ समय मानते हुए आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। यदि किसी परिवार में इस अवधि के अनुसार जन्म या मृत्यु की जानकारी अथवा दर्ज विवरण में कोई संशोधन जरूरी होगा, तो उसे अद्यतन किया जाएगा।
जनगणना के नाम पर धोखाधड़ी से रहें सतर्क
डीएम ने कहा कि जनगणना के दौरान दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। नागरिकों को किसी को भी ओटीपी, दस्तावेजों की छायाप्रति या फोटो देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी और निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)