MLC चुनाव में सेक्टर मजिस्ट्रेट के पास प्रत्याशी की पर्ची:सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने किया हंगामा, सपाइयों ने पर्ची छीनी
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान शुक्रवार को प्रयागराज में उस समय हंगामा हो गया, जब सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने एक सेक्टर मजिस्ट्रेट के हाथ में भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर की पर्ची मिलने का आरोप लगाया। इसको लेकर डॉ. मान सिंह यादव और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने विरोध जताया। वहीं, सपा नेता संदीप यादव इस मामले में धरने पर बैठ गए और निष्पक्ष मतदान की मांग की। जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के एमएनआईटी कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने सेक्टर मजिस्ट्रेट के हाथ में भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर की पर्ची देखी। इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मान सिंह यादव ने मौके पर मौजूद लोगों से कहा, “इनकी फोटो खींचो, ये भाजपा के एजेंट हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान अधिकारियों की भूमिका निष्पक्ष नहीं है और इस तरह की गतिविधियों से चुनाव प्रभावित हो सकता है। घटना के बाद समाजवादी पार्टी के नेता संदीप यादव ने भी विरोध जताया। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए धरना शुरू कर दिया। सपा नेताओं ने चुनाव आयोग से शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। समाजवादी पार्टी की ओर से प्रयागराज के अन्य मतदान केंद्रों पर भी कथित अनियमितताओं की शिकायत की गई है। पार्टी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय हरवारा द्वितीय के मतदान केंद्र से करीब 30 मीटर की दूरी पर भाजपा का बस्ता लगाए जाने का आरोप लगाया। इसके अलावा मोतीलाल नेहरू मतदान केंद्र पर भाजपा प्रत्याशी की पर्ची लेकर प्रचार करने और मतदाताओं को बैलेट पेपर पर खास अंक लिखने के लिए कहे जाने की शिकायत भी की गई है। सपा ने मऊआइमा और कौंधियारा के कुछ मतदान केंद्रों पर भी मतदान प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग से सभी शिकायतों की जांच कराकर निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की है। हालांकि, सेक्टर मजिस्ट्रेट के पास पर्ची मिलने और अन्य मतदान केंद्रों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)