मथुरा में पीईटी परीक्षा की तैयारी, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण:जंक्शन पर व्यवस्थाएं देखीं, 84 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे एग्जाम

Oct 24, 2026 - 22:23
0
मथुरा में पीईटी परीक्षा की तैयारी, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण:जंक्शन पर व्यवस्थाएं देखीं, 84 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
मथुरा में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार रात जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा के दौरान दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा और आवागमन संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जनपद में 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को पीईटी-2026 आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में 33 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। जिले में कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। प्रत्येक पाली में 14,136 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस तरह कुल 84,816 अभ्यर्थियों के परीक्षा में सम्मिलित होने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने 33 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 33 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल और अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेटों को परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण और पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ एकत्रित न होने देने और परीक्षा शुरू होने तथा समाप्त होने के समय विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा समाप्त होने तक केंद्रों के आसपास की सभी फोटोस्टेट और साइबर कैफे की दुकानें बंद रहेंगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User