एयर शो के दौरान 142 लोगों की बिगड़ी तबीयत:बीमार बच्चे को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाया, भर्ती कर इलाज शुरू
वायुसेना के एयर शो के दौरान शनिवार को गंगा घाटों पर 142 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमों ने नमो घाट सहित विभिन्न घाटों पर चिकित्सा शिविर लगाकर लोगों को प्राथमिक उपचार दिया। इनमें निर्जलीकरण, माइग्रेन, गर्मी से थकावट, उल्टी, चक्कर और सर्दी-जुकाम से पीड़ित लोग शामिल थे। नमो घाट पर एक बीमार बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। घाटों पर तैनात रहीं मेडिकल टीमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह के निर्देशन में एयर शो के दौरान विभिन्न गंगा घाटों पर चिकित्सकीय टीमें तैनात की गई थीं। आकस्मिक स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई थीं। सीएमओ के मुताबिक, चिकित्सा शिविरों में कुल 142 लोगों को उपचार दिया गया। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उनकी स्थिति के अनुसार प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। बीमार बच्चे को ग्रीन कॉरिडोर से पहुंचाया अस्पताल नमो घाट पर एक बच्चा बीमार हो गया। मेडिकल टीम ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया और एंबुलेंस से बच्चे को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसे भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। गर्मी और डिहाइड्रेशन से जुड़ी शिकायतें स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, चिकित्सा शिविरों में पहुंचे लोगों में शरीर में पानी की कमी, माइग्रेन, गर्मी के कारण थकावट, पेट में जलन, उल्टी और चक्कर आने जैसी समस्याएं थीं। कुछ लोग सर्दी-जुकाम से भी पीड़ित थे। मेडिकल टीमों ने जरूरत के अनुसार जांच और उपचार किया। सीएमओ ने लोगों से की अपील सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों में लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीमों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात किया गया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे आयोजनों के दौरान पर्याप्त पानी पीते रहें, धूप और गर्मी से बचें तथा अस्वस्थ महसूस होने पर नजदीकी चिकित्सा शिविर में संपर्क करें। गंभीर लक्षण होने पर चिकित्सा सहायता लेने में देरी न करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)