मुफ्त में बाजा बजाने से इनकार पर दलित से मारपीट:महोबा में पूर्व प्रधान पर केस, जातिसूचक गालियां देने का आरोप
महोबा के चरखारी कोतवाली क्षेत्र के बफरेथा गांव में मुफ्त में बाजा बजाने से इनकार करने पर एक दलित व्यक्ति से मारपीट की गई। आरोप है कि गांव के पूर्व प्रधान लखन राजपूत ने जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज किया है। पीड़ित होरीलाल बसोर के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को वह गांव के हरिनाथ राजपूत के घर चौक कार्यक्रम में बाजा बजाने गया था। पैसे मांगने पर पूर्व प्रधान नाराज कार्यक्रम के बाद लखन राजपूत ने उससे झिंझिया कार्यक्रम में भी बाजा बजाने को कहा। होरीलाल ने इसके लिए 100 रुपये मेहनताना मांगा। आरोप है कि पैसे मांगने पर पूर्व प्रधान नाराज हो गया और कहा कि बिना पैसे लिए बाजा बजाना होगा। होरीलाल के इनकार करने पर उसने गिरेबान पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से पीटा। होरीलाल के मुताबिक, उसके सिर में चोट आई। आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया। होरीलाल ने बताया कि चोट के इलाज के कारण वह तुरंत पुलिस के पास नहीं जा सका। उसने 11 दिन बाद चरखारी कोतवाली में शिकायत दी। कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा ने शनिवार सुबह 9 बजे बताया कि लखन राजपूत के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(घ) और 3(2)(va) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। जांच सीओ चरखारी दीपक दुबे कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)