मुरादाबाद के नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद:जिलाधिकारी ने शिक्षक MLC चुनाव को देखते हुए लिया फैसला
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर, शुक्रवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर पूरे जनपद में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद कर दिया गया है. मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर मुरादाबाद जिले के कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के समस्त शिक्षण संस्थानों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है। कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से जारी इस आधिकारिक अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा। जिले के अंतर्गत संचालित होने वाले समस्त परिषदीय, माध्यमिक, राजकीय, वित्तविहीन, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त स्कूलों पर यह आदेश समान रूप से प्रभावी होगा। आदेश के तहत CBSE, ICSE, यूपी बोर्ड सहित किसी भी अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में कल पठन-पाठन पूरी तरह से स्थगित रहेगा। उच्च अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस शासकीय आदेश का उल्लंघन करने वाले प्रबंधकों या प्रधानाचार्यों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुरादाबाद जिले में चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्यालय से सभी पोलिंग पार्टियों को मतपेटियों और आवश्यक चुनावी सामग्री के साथ केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। जनपद में बनाए गए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। चुनाव आयोग के मानकों के अनुरूप सभी केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधाओं और भौतिक सत्यापन की व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं ताकि कोई अव्यवस्था न हो। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले 9 जिलों में कुल मिलाकर लगभग 47 हजार शिक्षक मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से मुरादाबाद जिले में भी बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शिक्षक मतदाता शामिल हैं। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस मतदान में सभी पात्र शिक्षक वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा (उ.प्र.), जिला सूचना अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों को सूचनार्थ एवं अग्रिम आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)