रोजगार की तलाश में रूस गया आगरा का युवक लापता:रूसी सेना में हुआ था भर्ती,परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
आगरा से रोजगार की तलाश में रूस गया पिनाहट का 21 वर्षीय युवक अब रूसी सेना में भर्ती होकर लापता हो गया है। डेढ़ महीने से परिवार से उसका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिजनों को आशंका है कि उसे रूस-यूक्रेन युद्ध के फ्रंटलाइन पर भेज दिया गया है। परेशान परिवार ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद अब सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय से सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। मामला पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव रैपुरा भदौरिया का है। यहां उदयवीर सिंह का परिवार रहता है। उदयवीर के बड़े बेटे इंद्रजीत सिंह के अनुसार, उनका छोटा भाई देशराज सिंह (21) छह मई को रोजगार की तलाश में एक एजेंट के माध्यम से रूस गया था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा विदेश में अच्छी नौकरी कर घर की आर्थिक स्थिति सुधारेगा, लेकिन कुछ समय बाद देशराज ने घर पर सूचना दी कि वह रूस की सेना में भर्ती हो गया है। उसने इससे जुड़ी तस्वीरें भी परिजनों को भेजी थीं। 18 सितंबर के बाद टूटा संपर्क
शुरुआत में फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से परिवार की देशराज से नियमित बातचीत होती रही। वह कभी-कभार हालचाल बता देता था, लेकिन 18 सितंबर के बाद अचानक उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया। न तो उसका फोन लग रहा है और न ही व्हाट्सएप पर कोई संदेश मिल रहा है। परिजन दिन-रात फोन मिलाते हैं, लेकिन हर बार निराशा हाथ लगती है। पिछले करीब डेढ़ महीने से उसकी कोई जानकारी न मिलने के कारण परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां हर पल बेटे की सलामती की दुआ कर रही है। पिता उदयवीर और भाई इंद्रजीत हर दरवाजे पर मदद के लिए भटक रहे हैं। परिवार को डर है कि कहीं देशराज को युद्ध क्षेत्र में न भेज दिया गया हो। चार भाइयों में सबसे छोटे देशराज के लापता होने से पूरे गांव में मायूसी छाई हुई है। पुलिस कमिश्नर को दिया प्रार्थना पत्र
देशराज के बड़े भाई इंद्रजीत सिंह ने 22 अक्तूबर को पुलिस कमिश्नर आगरा को प्रार्थना पत्र सौंपा। इसमें देशराज को रूस भेजने वाले एजेंट की पहचान कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई। साथ ही एजेंट के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल (सीडीआर) व टावर लोकेशन खंगालने और विदेश भेजने से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने का अनुरोध किया गया। परिजनों का आरोप है कि एजेंट ने रोजगार का झांसा देकर देशराज को रूस भेजा और फिर सेना में भर्ती करा दिया। सोशल मीडिया पर छेड़ी मुहिम
एक माह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने पर परिवार ने अब सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर भारत सरकार, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल अपने बेटे की वर्तमान स्थिति और सलामती की खबर चाहिए। उन्हें नहीं पता कि देशराज जीवित है या नहीं, किस हाल में है। सरकार से अपील है कि दूतावास के जरिए पता लगाकर उसे सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)