नितिन नबीन से मिले बृजभूषण शरण सिंह:दिल्ली में 50 मिनट हुई बातचीत, बेटे करण भूषण ने की मुलाकात की पुष्टि

Oct 31, 2026 - 20:27
0
नितिन नबीन से मिले बृजभूषण शरण सिंह:दिल्ली में 50 मिनट हुई बातचीत, बेटे करण भूषण ने की मुलाकात की पुष्टि
गोंडा के कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब 50 मिनट तक चली। बृजभूषण सुबह 11 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने पहुंचे और 11:50 बजे मुलाकात खत्म हुई। उनके बेटे और कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने फोन पर दैनिक भास्कर संवाददाता से बातचीत में इसकी पुष्टि की। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली मुलाकात करण भूषण सिंह के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन से उनके पिता की यह पहली मुलाकात है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बृजभूषण शरण सिंह को मिलने के लिए बुलाया था। दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई। करण भूषण ने कहा कि दोनों भाजपा के पुराने नेता हैं, इसलिए मुलाकात में राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई होगी। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई भी दी। हालांकि, मुलाकात की कोई तस्वीर अभी सामने नहीं आई है। यूपी की राजनीति और चुनाव पर हुई चर्चा सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश की राजनीति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, बातचीत में किन मुद्दों पर विस्तार से बात हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अमित शाह की बैठक में शामिल नहीं हुए थे बृजभूषण इससे एक दिन पहले गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक हुई थी। इसमें बृजभूषण शरण सिंह शामिल नहीं हुए थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से घोषित प्रदेश कार्यसमिति की सूची में उन्हें सदस्य बनाया गया है। उनके समर्थकों का कहना है कि बृजभूषण शरण सिंह के राजनीतिक कद, अनुभव और पार्टी में योगदान को देखते हुए उन्हें प्रदेश कार्यसमिति सदस्य से बड़ी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए थी। अगस्त में अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान से भी मिले थे इससे पहले 18 अगस्त 2026 को बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों से जुड़े मामले में बरी होने के बाद गृहमंत्री अमित शाह और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं से उनकी मुलाकात करीब 50-50 मिनट तक चली थी। धर्मेंद्र प्रधान के साथ मुलाकात की तस्वीर सामने आई थी, जबकि अमित शाह से मुलाकात की कोई तस्वीर सार्वजनिक नहीं हुई थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User