नोएडा एलिवेटेड रोड पर कमजोर बेयरिंग से आया था क्रैक:11 मीटर सेगमेंट बदलेगा, IIT रुड़की इंजीनियरों की देखरेख में हो रही मरम्मत, 10 दिसंबर तक काम होगा पूरा

Nov 18, 2026 - 16:50
0
नोएडा एलिवेटेड रोड पर कमजोर बेयरिंग से आया था क्रैक:11 मीटर सेगमेंट बदलेगा, IIT रुड़की इंजीनियरों की देखरेख में हो रही मरम्मत, 10 दिसंबर तक काम होगा पूरा
एमपी-टू एलिवेटेड रोड पर बार-बार गड्ढा होने की वजह सामने आ गई है। शुरुआती तकनीकी जांच में क्षतिग्रस्त हिस्से की बेयरिंग कमजोर मिलने की बात सामने आई है। बेयरिंग पर पर्याप्त भार नहीं संभल पाने के कारण एलिवेटेड रोड के एक सेगमेंट पर दबाव पड़ा और उसमें दरारें (क्रैक) आने लगीं। इसका असर करीब 11 मीटर लंबे हिस्से पर पड़ा, जिससे सड़क की ऊपरी सतह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में बदल गई। अब प्राधिकरण ने इस पूरे सेगमेंट को बदलने का फैसला लिया है। केवल गड्ढे की मरम्मत करने के बजाय क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर नया सेगमेंट लगाया जाएगा। इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है। प्राधिकरण का लक्ष्य 10 दिसंबर तक मरम्मत पूरी करने का है। बेयरिंग कमजोर होने से बिगड़ा भार का संतुलन एलिवेटेड रोड के अलग-अलग सेगमेंट के बीच बेयरिंग लगाई जाती हैं। इनका काम ऊपर से आने वाले भार को सहारा देना और तापमान में बदलाव के कारण पुल में होने वाले फैलाव और सिकुड़न के दौरान नियंत्रित हलचल की गुंजाइश देना होता है। बेयरिंग कमजोर होने या ठीक से काम नहीं करने पर संबंधित हिस्से में भार का संतुलन प्रभावित हो सकता है। प्रारंभिक जांच में इसी तरह की समस्या सामने आई है। जिस स्थान पर बेयरिंग कमजोर पाई गई, वहां सेगमेंट में दरारें आईं और करीब 11 मीटर लंबा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसी वजह से सड़क की सतह पर बार-बार गड्ढा बन रहा था। पूरे सेगमेंट को हटाकर लगाया जाएगा नया हिस्सा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि मरम्मत का काम आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की देखरेख में कराया जा रहा है। विशेषज्ञों के सुझाव पर क्षतिग्रस्त हिस्से को पैबंद लगाकर ठीक करने के बजाय पूरा सेगमेंट बदला जाएगा। इसके लिए पुराने हिस्से को हटाकर नया सेगमेंट तैयार कर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड के अन्य सेगमेंट की भी जांच कराई जा रही है, ताकि कहीं और ऐसी तकनीकी खामी तो नहीं है, इसका पता लगाया जा सके। इससे पूरे एलिवेटेड रोड की मजबूती का आकलन करने में मदद मिलेगी। प्रीकास्ट तकनीक से बना है एलिवेटेड रोड एमपी-टू एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रीकास्ट तकनीक से किया गया है। इसमें पहले से तैयार किए गए कंक्रीट के हिस्सों को मौके पर लाकर आपस में जोड़ा जाता है। इन सेगमेंट और गर्डर के बीच तकनीकी कनेक्शन होता है। ऐसे में किसी एक हिस्से को बदलने के लिए भी आसपास के स्ट्रक्चर को ध्यान में रखते हुए काम करना पड़ता है। इसी वजह से मरम्मत में समय लग रहा है। 26 दिन से बंद है एक लेन, नीचे की सड़क पर बढ़ा दबाव सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन में 18 अक्टूबर को पहली बार गड्ढा हुआ था। प्राधिकरण ने इसकी मरम्मत कराई, लेकिन 20 अक्टूबर को उसी जगह दोबारा गड्ढा हो गया। इसके बाद 21 अक्टूबर को सुरक्षा के मद्देनजर इस लेन पर यातायात बंद कर दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User