नोएडा में निवेश के नाम पर 12.45 लाख ठगे:50 बार में रुपए किए ट्रांसफर, टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा, जमा पैसे डूबने का दिखाया डर

Nov 18, 2026 - 06:51
0
नोएडा में निवेश के नाम पर 12.45 लाख ठगे:50 बार में रुपए किए ट्रांसफर, टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा, जमा पैसे डूबने का दिखाया डर
ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग से 12 लाख 45 हजार 870 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने ठगी के लिए फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म तैयार किया था। इस पर पीड़ित को नकली मुनाफा दिखाकर लगातार रुपये जमा करने के लिए दबाव बनाया गया। पीड़ित ने पेटीएम के माध्यम से 50 बार में अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन कर रकम आरोपियों के खातों में भेज दी। मामले में साइबर क्राइम थाने ने सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर ओमेगा-1 स्थित एल्डिको गोल्फ व्यू अपार्टमेंट निवासी पी.अनबलगन (72) ने शिकायत में बताया कि 17 अगस्त 2026 को दोपहर करीब तीन बजे उनके फोन पर निवेश के लिए पंजीकरण करने का संदेश आया था। इसे वास्तविक समझकर उन्होंने दिए गए लिंक पर क्लिक कर अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज कर दी। इसके कुछ समय बाद एक्सवेल नाम के ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के अकाउंट मैनेजर के रूप में एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन किया और उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए कहा। इसके बाद ट्रेडिंग के नाम पर लिंक भेजे गए। आरोपियों ने एक फर्जी ऑनलाइन डैशबोर्ड भी दिखाया, जिसमें निवेश की रकम, बैलेंस और नुकसान की जानकारी प्रदर्शित होती थी। नुकसान बताकर रकम डूबने का दिखाते डर पीड़ित के मुताबिक, जब भी डैशबोर्ड पर नुकसान दिखाया जाता था, आरोपी उन्हें मूल रकम डूबने का डर दिखाते थे। नुकसान की भरपाई करने के नाम पर और रुपये जमा कराने का दबाव बनाया जाता था। इस तरह आरोपियों ने उनसे कुल 12,45,870 रुपये 50 अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिये ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलने पर की शिकायत ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर आरोपियों के बैंक खातों और यूपीआई आईडी को फ्रीज कराने तथा रकम वापस दिलाने की मांग की। साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, प्रतिरूपण और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User