नवविवाहिता का शव घर के बरामदे में फंदे पर मिला:कन्नौज में पति और ससुर खेत गए थे; मायके वालों ने सोने की चेन और अंगूठी मांगने पर हत्या का आरोप लगाया
कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के कुसका गांव में एक नवविवाहिता का शव घर के बरामदे में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिसंबर 2025 में हुई थी शादी औरैया जिले के सहार क्षेत्र के तिलकपुर निवासी निर्मला की शादी 4 दिसंबर 2025 को कुसका गांव निवासी पवन पुत्र मानसिंह के साथ हुई थी। घटना के समय पवन और उसके पिता खेत पर गए हुए थे, जबकि सास जानवरों को चारा डालने के लिए घर से बाहर गई थीं। दरवाजा बंद होने पर पड़ोसियों ने छत से किया प्रवेश बताया गया कि परिवार के लोग जब घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। वहां बरामदे में निर्मला का शव फंदे पर लटका मिला। पड़ोसियों ने शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने पवन को घटना की जानकारी दी। मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप गांव में रहने वाली रिश्ते की बुआ की बेटी ने निर्मला के मायके वालों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर निर्मला की हत्या करने का आरोप लगाया। आरोप लगने के बाद ससुराल पक्ष के लोग मौके से चले गए। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और मायके पक्ष की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)