PET परीक्षा के लिए मेरठ में सुरक्षा अलर्ट:ADG भानु भास्कर ने रेलवे स्टेशन का दौरा किया, बारकोड से शिकायत सुविधा भी शुरू
मेरठ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को लेकर मेरठ में पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। रविवार को होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए शनिवार रात से ही छात्र छात्राओं का मेरठ पहुंचना शुरू हो गया। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर छात्र-छात्राओं की भीड़ जुटने लगी। अभ्यर्थियों की सुरक्षा और उनकी सुविधा का जायजा लेने के लिए शनिवार देर रात एडीजी भानु भास्कर पुलिस अधिकारियों के साथ शहर में निकले। उन्होंने रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्हें सुरक्षा के उपाय बताए। रेलवे स्टेशन पहुंचकर अभ्यर्थियों से की बात एडीजी भानु भास्कर के साथ एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी देहात अभिजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर परीक्षा देने आए छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उन्हें सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को बताया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सहायता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत के लिए स्टेशनों पर लगाए बारकोड एडीजी ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशनों पर बारकोड लगाए गए हैं। यदि किसी छात्र या छात्रा को किसी प्रकार की समस्या होती है तो वह बारकोड के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। इससे अभ्यर्थियों को अपनी परेशानी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। रात में भी सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा PET-2026 में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के मेरठ पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देर रात तक अभ्यर्थियों की आवाजाही के बीच पुलिस की सक्रियता बनी रही। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा देने आए छात्र-छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाना है। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)