हरदोई में 30 से अधिक लोगों से 43.85 लाख ठगे:हर महीने 10 फीसदी रिटर्न का वादा, कोर्ट के आदेश पर 5 पर मुकदमा दर्ज
हरदोई जनपद के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया और लुभावने विज्ञापनों के जरिए बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। एबीएमपीएल (ABMPL) नामक फर्जी कंपनी के प्रमोटर्स और संचालकों ने हर महीने 10 प्रतिशत ब्याज और मूलधन सुरक्षित रखने का झांसा देकर पीड़ित समेत 30 से अधिक लोगों से कुल 43.85 लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित अमर तिवारी की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने शनिवार शाम 4:14 बजे 5 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले के वादी थाना बेनीगंज के झरोड्या गांव के रहने वाले अमर तिवारी दूध डेयरी चलाने के साथ-साथ प्राइवेट नौकरी भी करते हैं। उनके अनुसार, जुलाई 2024 में आरोपी लखीमपुर खीरी का रहने वाला जयप्रकाश मौर्या उनकी डेयरी पर आया और उसने ABMPL कंपनी के बारे में जानकारी दी। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर कंपनी के प्रचार-प्रसार के लिए वीडियो चलाए गए। इन विज्ञापनों और हरदोई में आयोजित की गई विभिन्न मीटिंगों के जरिए यह झूठा प्रचार किया गया कि कंपनी में जितना पैसा निवेश किया जाएगा, उसका 10प्रतिशत प्रतिमाह निवेशकों के बैंक खातों में भेजा जाएगा और मूलधन भी सुरक्षित रहेगा। अमर तिवारी ने सबसे पहले जुलाई 2024 में 50,000 रुपए निवेश किए, जिसके एवज में शुरुआत में कुछ रिटर्न भी मिला। इससे विश्वास बढ़कर उन्होंने अपनी डेयरी की भैंस तक बेच दी और अगस्त 2025 तक कुल 5,85,000 रुपए नगद जेपी मौर्या को सौंप दिए। उनके अलावा क्षेत्र के कई अन्य निवेशकों ने भी इस फर्जीवाड़े में अपनी गाढ़ी कमाई झोंक दी। कुल मिलाकर 30 से अधिक लोगों से एजेंट के माध्यम से 43.85 लाख रुपए की रकम जमा कराई। कंपनी के डिजिटल ऐप (myabmpl.com) के जरिए निवेशकों की यूजर आईडी भी जेनरेट की गई थी। जून 2025 में जब निवेशकों को यह सच्चाई पता चली कि कंपनी संचालकों ने उनके साथ छल-कपट किया है और वे सारा पैसा लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी जयप्रकाश समेत बदायूं के रहने वाले पुष्पेंद्र मौर्या, उसकी पत्नी नीलम मौर्या, समीर रहाणे और नोएडा के रहने वाले सत्यप्रकाश मौर्या पर रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)