औरैया में छत से गिरकर एलएलबी छात्र की मौत:रात में टॉयलेट जाने के लिए उठा था, संतुलन बिगड़ने से छज्जे से नीचे गिरा
औरैया के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के पुरवा बड़े गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दर्दनाक हादसा हो गया। छत पर सो रहा एलएलबी का छात्र रात में टॉयलेट जाने के लिए उठा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह छज्जे से नीचे सिर के बल गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रात करीब 12 बजे हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मृतक शिवम पुत्र महाराणा प्रताप एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात वह घर की छत पर छज्जे के पास सो रहा था। रात करीब 12 बजे उसकी नींद खुली। इसके बाद वह टॉयलेट जाने के लिए उठा। इसी दौरान अंधेरे में संतुलन बिगड़ने से वह छज्जे से सीधे नीचे जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में शिवम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव लौट आए। अचानक हुई घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन भाइयों में सबसे बड़ा था शिवम बताया गया कि शिवम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी दो बहनों की शादी पहले ही हो चुकी है। पढ़ाई कर रहे बेटे की अचानक मौत से माता-पिता और भाइयों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)