पहली बार होगी ट्रम्प-पुतिन-जिनपिंग की मीटिंग:80 साल बाद टॉप-3 देशों के नेता एक साथ; ईरान जंग पर बड़ा फैसला संभव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अगले हफ्ते चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक ही बैठक में शामिल होंगे। व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। यह बैठक चीन के शेनझेन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन के दौरान होगी। इस बैठक में सबसे अहम मुद्दा परमाणु हथियारों की संख्या कम करना होगा। इसके अलावा ईरान पर भी चर्चा होगी। बीते 80 साल में यह पहली बार होगा जब टॉप-3 देशों नेता एक साथ त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। इससे पहले फरवरी 1945 में अमेरिका, सोवियत संघ और ब्रिटेन के नेता क्रीमिया के याल्टा में मिले थे। इन नेताओं ने बैठक में तय किया कि युद्ध खत्म होने के बाद यूरोप के देशों का बंटवारा और शासन कैसे होगा। परमाणु हथियार कम करने पर होगी बात व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रम्प दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने का मुद्दा उठाएंगे। अमेरिका चाहता है कि चीन भी इस बातचीत में शामिल हो। दरअसल, अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों को सीमित करने वाली आखिरी संधि इस साल फरवरी में खत्म हो गई थी। दूसरी तरफ चीन लगातार अपने परमाणु हथियार बढ़ा रहा है। अमेरिका लंबे समय से चाहता है कि तीनों देश मिलकर परमाणु हथियारों पर नियंत्रण के लिए कोई रास्ता निकालें। लेकिन चीन अब तक ऐसी बातचीत में शामिल होने से बचता रहा है। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस बैठक में किसी समझौते की उम्मीद नहीं है। यह सिर्फ बातचीत की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि आगे चलकर इस बातचीत से कोई अच्छा नतीजा निकल सकता है। ईरान पर चर्चा होगी, यूक्रेन युद्ध पर नहीं अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रम्प इस बैठक में ईरान का मुद्दा भी उठा सकते हैं। लेकिन रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध इस बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं होगा। अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि अमेरिका हाल के दिनों में रूस के साथ कई बैठकें कर चुका है, लेकिन चीन इन बातचीत में शामिल नहीं रहा। इसलिए तीनों देशों की संयुक्त बैठक में यूक्रेन युद्ध पर चर्चा करना ठीक नहीं होगा। मस्क भी ट्रम्प के साथ चीन जाएंगे टेस्ला के CEO एलन मस्क भी ट्रम्प के साथ चीन जाएंगे। व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि की है। अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, मस्क के अमेरिका और चीन के बीच कारोबार से जुड़े बड़े हित हैं। वे चीन यात्रा के दौरान ट्रम्प को सलाह देने में भी मदद कर सकते हैं। हालांकि, मस्क तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की संयुक्त बैठक में शामिल नहीं होंगे। एनवीडिया विवाद पर जिनपिंग से बात नहीं करेंगे ट्रम्प अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि ट्रम्प की जिनपिंग के साथ बैठक में एनवीडिया से जुड़े विवाद पर चर्चा होने की उम्मीद नहीं है। एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग ने गुरुवार को निजी संबंधों से जुड़े खुलासों के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इनमें एक संबंध एलिस हुआंग नाम की महिला से बताया गया है। वे एनवीडिया की ग्राहक कंपनी मेगास्पीड में अधिकारी हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि एलिस हुआंग चीन के लिए काम कर रही थीं। चीन ने जासूसी के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। चीन से रेयर अर्थ की सप्लाई बढ़ाने को कहेंगे ट्रम्प ट्रम्प गुरुवार को जिनपिंग के साथ अलग से होने वाली बैठक में रेयर अर्थ मिनरल्स की सप्लाई का मुद्दा भी उठाएंगे। अमेरिका का कहना है कि चीन से उसे रेयर अर्थ और उनसे बने सामान मिल तो रहे हैं, लेकिन सप्लाई उसकी जरूरत के हिसाब से नहीं हो रही है। रेयर अर्थ का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक कार, मोबाइल, कंप्यूटर, लड़ाकू विमान और आधुनिक हथियार बनाने में होता है। इन खनिजों की सप्लाई पर चीन का बड़ा नियंत्रण है। ऐसे में अमेरिका चाहता है कि चीन इनकी सप्लाई बढ़ाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)