किसानों का 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया:पीलीभीत में सपा नेता ने गन्ना भुगतान और बंद मिल का मुद्दा उठाया

Nov 14, 2026 - 15:53
0
किसानों का 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया:पीलीभीत में सपा नेता ने गन्ना भुगतान और बंद मिल का मुद्दा उठाया
पीलीभीत में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री मरहूम हाजी रियाज अहमद के दामाद मोहम्मद आरिफ ने शनिवार दोपहर 2 बजे एक निजी होटल में प्रेस वार्ता की। उन्होंने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा। आरिफ ने प्रदेश के गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिले की चीनी मिलों पर किसानों का 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का गन्ना भुगतान बकाया है। उन्होंने बंद मझोला चीनी मिल का मुद्दा भी उठाया। आरिफ के मुताबिक, करीब पौने दस साल पहले मिल शुरू कराने का वादा किया गया था, लेकिन यह अब तक चालू नहीं हुई। उन्होंने कहा कि गन्ना मंत्री के पिता इसी फैक्ट्री में नौकरी करते थे और मंत्री का जीवन इसी माहौल में शुरू हुआ था। आरिफ ने कहा कि मंत्री को पुरानी यादों के चलते मिल शुरू करवानी चाहिए थी। आरिफ ने सवाल किया कि मिल शुरू करने के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड, दोनों राज्यों की एनओसी चाहिए। दोनों राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद मिल क्यों नहीं चल पा रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद पर निशाना साधते हुए आरिफ ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने पीलीभीत को ‘पेरिस’ बनाने का दावा किया था। उन्होंने कहा कि प्रसाद अब केंद्र में मंत्री हैं, लेकिन जिले की सड़कों पर सैकड़ों गड्ढे हैं और गड्ढा मुक्ति का दावा पूरा नहीं हुआ। आरिफ ने कहा कि पेरिस तो दूर, सरकार पीलीभीत को कम से कम केरल, गोवा, कर्नाटक या तमिलनाडु जैसा बना दे। उन्होंने आरोप लगाया कि जितिन प्रसाद ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन से प्रेरणा लेकर जनता के बीच झूठ बोला। आरिफ ने भाजपा पर धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और अर्थव्यवस्था जैसे बुनियादी मुद्दों पर बात करने के लिए कुछ नहीं है। उनके मुताबिक, थानों और तहसीलों में आम लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User