PM-मोदी के खिलाफ पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने ठोकी दावेदारी:राजेश मिश्रा ने 77-लोस सीट का लगाया पोस्टर, BJP में चढ़ा सियासी पारा
यूपी के विधानसभा चुनाव से पहले वाराणसी में पूर्व सांसद राजेश मिश्रा के पोस्टर ने खलबली मचा दी। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पूर्व सांसद ने 77 वाराणसी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव का बिगुल फूंक दिया। पीएम मोदी के लगातार तीन बार जीती सीट से पूर्व सांसद ने भाजपा में दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने कमल फूल चुनाव चिह्न के साथ अपना पोस्टर जारी किया है। इसको अपने सोशल मीडिया वाल पर लगाया है। काशी के सांसद की सीट पर पूर्व सांसद के ताल ठोकने से बीजेपी में सियासी पारा चढ़ गया है। इसके साथ ही पोस्ट पर समर्थकों ने जमकर कमेंट करके समर्थन दिया है। वही भाजपा नेता इस पर बोलने से कतराते नजर आए। मंगलवार की रात पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने अपने फेसबुक और एक्स हैंडल पर डीपी और कवर पेज बदलकर बनारस समेत देश की राजनीति में खलबली मचा दी। बीजेपी के सिंबल के साथ पोस्टर में 2029 में खुद को टिकट का प्रबल दावेदार पेश किया। पहली बार पीएम मोदी की सीट पर किसी भाजपा नेता ने अपनी दावेदारी करते हुए बीजेपी और विपक्ष के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। पूर्व कांग्रेस सांसद के पोस्ट को बीजेपी अनुशासनहीनता श्रेणी में भी ला सकती है। 3 साल पहले राजेश मिश्रा ने थामा था भाजपा का दामन वाराणसी के पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्रा ने तीन साल पहले भाजपा का दामन थामा था। दिल्ली स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने उन्हें बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई थी। राजेश मिश्रा ने कहा था कि बनारस सीट पर विपक्ष के दल के प्रत्याशी को पोंलिग एजेंट नहीं मिलेगा। ये सौभाग्य की बात है कि नरेंद्र मोदी वाराणसी के सांसद हैं, पूरे दुनिया में बनारस और देश का नाम रोशन किया है। 2004 में वाराणसी से सांसद रहे राजेश मिश्रा वाराणसी की सियासत में राजेश मिश्र को मृदुभाषी राजनेता हैं। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से छात्र राजनीति के रास्ते सियासत का ककहरा पढ़ा। 80 के दशक में राजेश मिश्रा बीएचयू छात्रसंघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। 1996 से 2004 तक दो कार्यकाल के लिए वह उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य रहे। 1999 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के शंकर प्रसाद जायसवाल के खिलाफ कांग्रेस ने उन्हें वाराणसी से अपना उम्मीदवार बनाया। हालांकि इस चुनाव में वह हार गए। 2004 में राजेश मिश्र ने जायसवाल से अपनी हार का बदला ले लिया। लोकसभा चुनाव में उन्होंने शंकर प्रसाद जायसवाल को शिकस्त दी।
2009 में मुरली मनोहर जोश से हारे थे राजेश 2009 में लगातार तीसरी बार कांग्रेस ने राजेश मिश्र पर भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दिया। इस चुनाव में बीजेपी से डॉ. मुरली मनोहर जोशी और बीएसपी से मुख्तार अंसारी मैदान में थे। वहीं, बीजेपी से बगावत करने के बाद अजय राय सपा के टिकट पर चुनाव में उतरे। माना जाता है कि इस चुनाव में वोटों के ध्रुवीकरण की वजह से राजेश मिश्र खिसककर चौथे नंबर पर चले गए। जोशी को 2 लाख 3 हजार 122, मुख्तार को 1 लाख 85 हजार 911, अजय राय को 1 लाख 23 हजार 874 और राजेश मिश्र को 66 हजार 386 वोट मिले। 2014 में टिकट कटा तो जताई नाराजगी 2014 में बीजेपी के पीएम कैंडिडेट और वर्तमान पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस ने अजय राय पर भरोसा जताते हुए मिश्र का टिकट काट दिया। तीन साल बाद हुए विधानसभा चुनाव में वाराणसी शहर दक्षिणी विधानसभा सीट काफी चर्चित रही। सात बार के बीजेपी विधायक श्यामदेव रॉय चौधरी उर्फ दादा का टिकट कटने के बाद पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी हो गई थी। 2017 में वाराणसी दक्षिण से विस चुनाव हारे नीलकंठ तिवारी को बीजेपी ने मैदान में उतारा और कांग्रेस ने राजेश मिश्र को उनके खिलाफ मौका दिया। पीएम मोदी ने इस चुनाव में वाराणसी में रुककर प्रचार अभियान को धार दी थी और नीलकंठ तिवारी ने राजेश मिश्र को मात दे दी। 2019 के आम चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस ने राजेश मिश्र को टिकट दिया। हालांकि इस बार उन्हें गृहक्षेत्र देवरिया जिले की सलमेपुर सीट से उतारा गया। लेकिन महज 27 हजार 288 वोटों के साथ उनकी जमानत जब्त हो गई। विस की चर्चाओं के बीच पोस्टर से सनसनी राजेश मिश्रा वर्ष 2004 से 2009 तक वाराणसी के सांसद रहे हैं। राजेश मिश्रा को विधानसभा चुनाव में भदोही या अन्य सीट पर चुनाव लड़ाने की चर्चाएं थी इसी बीच लोकसभा 2029 में दावेदारी के पोस्टर ने खलबली मचा दी। राजेश मिश्रा का भाजपा में जाना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका था, वे अजय राय के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर नाराज थे। लेकिन अजय राय के हटने के बाद उनके कांग्रेस में लौटने की चर्चा भी चल रही है। पीएम मोदी आगामी लोकसभा बनारस से चुनाव लड़ेंगे या बनारस में राजनीति से संन्यास लेंगे सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं। राजनीतिक जानकारी पोस्ट को सोची समझी रणनीति बता रहे हैं। भाजपा में आकर नही मिली कोई जगह, रसूख भी गिरा राजेश मिश्रा कांग्रेस से बीजेपी में आए लेकिन इन्हें कोई सम्मानजनक जगह नहीं मिली। लगभग 3 साल में इनका रुतबा भी गिरता जा रहा है। उनके पुराने सहयोगियो ने भी दूरी बना ली, वहीं भाजपा में सीमित जगह मिली। पीएम के आगमन पर उन्हें कई बार बल्लियों के अंदर से स्वागत करने वालों की कतार में देखा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)