पोस्टर पर कालिख पुती तो एसटी हसन ने मांगी माफी:मुरादाबाद के पूर्व सांसद ने कहा था-आज तक पता नहीं राम की पैदाइश कहां हुई थी
राष्ट्रीय बजरंग दल के आक्रामक प्रदर्शन और अपने पोस्टरों पर कालिख पुतने के बाद मुरादाबाद के पूर्व सपा सांसद डॉ. एसटी हसन ने भगवान राम को लेकर दिए अपने विवादित बयान पर माफी मांगी है। पूर्व सांसद ने कहा कि, मैं खुद श्री रामचंद्र जी की बहुत इज्जत करता हूं और उन्हें अपना आदर्श मानता हूं। मेरे बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं माफी चाहता हूं। इसके पहले रानी पद्मावती को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान पर भी एसटी हसन को माफी मांगनी पड़ी थी।
मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने 2 दिन पहले एक बयान में कहा था कि, आज तक ये नहीं पता किसी को कि रामचंद्र की पैदाइश कहां हुई थी। जहां मंदिर बनाया गया है वहां न तो मंदिर के अवशेष मिले थे न ही कोई ऐसे चिन्ह जिससे साबित होता हो कि बाबरी मस्जिद से पहले वहां मंदिर था।
दरअसल पूर्व सपा सांसद गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर पलटवार कर रहे थे, जिसमें शाह ने कहा था कि मुलायम सिंह ने कार सेवकों पर गोली चलवाई थी और कार सेवकों के खून से सरयू लाल हो गई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एसटी हसन ने कहा था कि कुल 15-16 लोग मारे गए थे। इतने लोगों के खून से क्या पूरी सरयु लाल हो गई होगी। उन्होंने कहा कि जिस भी पुलिस अधिकारी ने वहां कार सेवकों पर गोली चलाई वो सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने के चलाई गई थी।
एसटी हसन ने यह भी कहा था कि राम चंद्र के जन्म स्थान को लेकर विवाद है। उन्हाेंने कहा था कि श्रीलंका के पास भी एक अयोध्या है। राम का जन्म यूपी की अयोध्या में नहीं बल्कि श्रीलंका के पास स्थित अयोध्या में हुआ था।
एसटी हसन के इस बयान को लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा था। राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने बीते दिन इस मामले में प्रदर्शन कर एसटी हसन के पोस्टरों पर कालिख पोती थी। बजरंग दल ने एसटी हसन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए एक तहरीर भी पुलिस को दी थी। इसके पहले कि पुलिस मुकदमा दर्ज करती, एसटी हसन ने माफी मांगकर मामले को रफादफा कर दिया।
मामला बढ़ता देख एसटी हसन ने कहा कि, मैं खुद श्री राम चंद्र जी की बहुत इज्जत करता हूं और उन्हें भारत का आदर्श मानता हूं। उन्होंने बलिदान का जज्बा देश को दिया और माता पिता की आज्ञा का पालन कैसे किया जाता है, यह उन्होंने आदर्श प्रस्तुत किया। मेरे बयान से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं क्षमा मांगता हूं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)