चुनाव आयोग भाजपा के साथ कदम मिलाकर चल रहा:बाराबंकी में बोले सपा सांसद अवधेश प्रसाद, केंद्र में भी इंडिया गठबंधन की सरकार का दावा
बाराबंकी में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होने पहुंचे अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। केंद्र में भी INDIA गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया। मंगलवार को उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनविरोधी, किसान विरोधी, गांव विरोधी और युवा विरोधी है। इसे सत्ता से हटाने के लिए विपक्ष एकजुट है। गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कोई मतभेद नहीं होगा। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल अवधेश प्रसाद ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने दलितों, पिछड़ों, शोषितों, गरीबों और सभी नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया था। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग के जरिए इस अधिकार को खत्म करने की कोशिश कर रही है। इसके खिलाफ पूरा देश एकजुट हो रहा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई विपक्ष की रैली को उन्होंने ऐतिहासिक बताया। कहा कि यह सिर्फ रैली नहीं, बल्कि देश के जनादेश और बदलाव की लहर का संकेत है। उनके मुताबिक, देश जाग चुका है और लोगों का भाजपा पर विश्वास नहीं रहा। भाजपा के 80 सीटें जीतने के दावे पर किया पलटवार भाजपा के ‘80 में 80’ सीटें जीतने के दावे पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें नहीं जीत सकी। समाजवादी पार्टी के 37 सांसद अखिलेश यादव के नेतृत्व में लोकसभा में हैं। INDIA गठबंधन के सहयोगियों के छह सांसदों को मिलाकर यह संख्या 43 होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के दावों से कोई फर्क नहीं पड़ता। 2027 में प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। भगवान श्रीराम और अन्य देवी-देवताओं पर टिप्पणी के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी को भी देवी-देवताओं के बारे में टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। सभी को उनका सम्मान करना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)