प्रदेश के एडेड महाविद्यालयों के लिए चुने गए 110 प्राचार्य:यूपीईएसएससी ने जारी किया अंतिम परिणाम, हाईकोर्ट के आदेश पर एक पद का नतीजा रोका

Nov 20, 2026 - 22:55
0
प्रदेश के एडेड महाविद्यालयों के लिए चुने गए 110 प्राचार्य:यूपीईएसएससी ने जारी किया अंतिम परिणाम, हाईकोर्ट के आदेश पर एक पद का नतीजा रोका
प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) सहशिक्षा और महिला महाविद्यालयों में लंबे समय से रिक्त चल रहे प्राचार्य के पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने विज्ञापन संख्या-02/2026 के तहत विज्ञापित 111 पदों के सापेक्ष अंतिम रूप से चयनित 110 अभ्यर्थियों का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के अनुपालन में एक पद का परिणाम रोका गया है। आयोग के उपसचिव संजय सिंह ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों का विवरण और कटऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है। प्रदेश भर में संचालित कुल 331 एडेड महाविद्यालयों में से 111 में प्राचार्य के पद रिक्त थे। हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में दायर विशेष अपील संख्या-521/2026 में 20 नवंबर 2026 को पारित आदेश के क्रम में एक पद को रोकते हुए शेष 110 पदों का अंतिम परिणाम जारी किया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार के समय वांछित अभिलेख प्रस्तुत न कर पाने के कारण कुछ अभ्यर्थियों का चयन परिणाम औपबन्धिक (प्रोविजनल) घोषित किया गया है। वहीं, अभ्यर्थी अपने प्राप्तांक का विवरण आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर 21 नवंबर 2026 से एक सप्ताह तक देख सकेंगे। इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत कोई जानकारी देना संभव नहीं होगा। चार माह में पूरी हुई चयन प्रक्रिया आयोग ने इस भर्ती प्रक्रिया को रिकॉर्ड समय में पूरा किया है। इसके लिए 21 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए थे, जिसकी अंतिम तिथि 27 अगस्त थी। 24 सितंबर को लखनऊ के दो केंद्रों पर हुई लिखित परीक्षा में पंजीकृत 813 में से 722 अभ्यर्थी (88.81 प्रतिशत) शामिल हुए थे। 26 सितंबर को अनंतिम उत्तरकुंजी जारी कर आपत्तियों के निस्तारण के बाद साक्षात्कार के लिए 389 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 27, 28, 30, 31 अक्टूबर और 17 नवंबर 2026 को संपन्न कराए गए थे। पहले यह साक्षात्कार 27 से 30 अक्टूबर तक प्रस्तावित था, लेकिन 29 अक्टूबर को करवा चौथ के अवकाश की अभ्यर्थियों की मांग पर तिथियों में संशोधन कर 31 अक्टूबर को भी साक्षात्कार कराया गया था। इसके बाद छूटे हुए या अन्य अभ्यर्थियों के लिए 17 नवंबर को साक्षात्कार आयोजित कर महज तीन दिन के भीतर अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User