प्रयागराज में FSDA ने ई-कॉमर्स गोदामों पर छापा मारा:5 गोदामों में मिलीं कई खामियां, सुधार के लिए नोटिस जारी

Oct 26, 2026 - 21:34
0
प्रयागराज में FSDA ने ई-कॉमर्स गोदामों पर छापा मारा:5 गोदामों में मिलीं कई खामियां, सुधार के लिए नोटिस जारी
प्रयागराज की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने सोमवार को शहर में संचालित प्रमुख ई-कॉमर्स व क्विक कॉमर्स खाद्य प्रतिष्ठानों के गोदामों में छापेमारी की। इस दौरान खाद्य निरीक्षकों ने अलग-अलग इलाकों के 5 बड़े वेयरहाउस का सघन निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने जॉर्ज टाउन व सिविल लाइन्स स्थित बिग बास्केट (M/s Innovative Retail Concepts Pvt. Ltd.), झूंसी स्थित फ्लिपकार्ट मिनट्स (M/s Instakart Services Pvt. Ltd.), ब्लिंकइट और जियोमार्ट (Reliance Retail Ltd.) के गोदामों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने ई-कॉमर्स चेकलिस्ट के तय मानकों के अनुसार FSSAI लाइसेंस के प्रदर्शन, गोदामों में कीट नियंत्रण, वेज और नॉन-वेज के अलग रखरखाव तथा पैकेजिंग पर दर्ज पोषण संबंधी जानकारियों को परखा। पड़ताल के दौरान इन गोदामों में कई गंभीर प्रक्रियात्मक और तकनीकी खामियां उजागर हुईं। खाद्य निरीक्षकों को कई पैकेटों पर विनिर्माण तिथि (पैकेजिंग डेट) न होना, एक्सपायरी के करीब पहुंचे सामान को नियमानुसार 45 दिन पहले हटाने के बजाय 30 दिन पहले हटाना और कर्मचारियों द्वारा बिना हैंड ग्लव्स के खाद्य पदार्थों को हैंडल करने जैसी गड़बड़ियां मिलीं। इसके अलावा मौके पर क्लीनिंग शेड्यूल व ट्रेसेबिलिटी रजिस्टर पेश नहीं किया जा सका, कई लाइसेंसों में फूड सेफ्टी जोन गलत दर्ज पाया गया और अंतिम चरण के डिलीवरी बॉयज को अनिवार्य 'FoSTaC' प्रशिक्षण भी नहीं दिया गया था। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय एवं अभिहित अधिकारी डॉ. दीनानाथ यादव ने बताया कि पाई गई अनियमिताओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत सभी 5 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस थमाया गया है। विभाग ने सभी संचालकों को कमियों का निवारण कर 14 दिनों के भीतर अपनी अनुपालन रिपोर्ट जमा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User