प्रयागराज में PET की दोनों पालियों से 10,339 अभ्यर्थी अनुपस्थित:48 केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी में हुई परीक्षा
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के तीसरे चरण का आयोजन रविवार को प्रयागराज में कड़े सुरक्षा पहरे और प्रशासनिक सख्ती के बीच हुआ। इस परीक्षा के लिए जिले भर में 48 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की थी, जिसके तहत केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी गई। परीक्षा दो पाली में कराई गई। दोनों पालियों के लिए पंजीकृत 37824 अभ्यर्थियों में से 10,339 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक प्रथम पाली में सुबह 10 से 12 बजे तक की परीक्षा के लिए 18,912 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,213 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 13,699 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। द्वितीय पाली में अपराह्न 3 से 5 बजे तक के लिए 18,912 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 5,126 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी और 13,786 उपस्थित रहे। दोनों पालियों में प्रयागराज में 10,339 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। वहीं परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने मोर्चा खुद संभाल रखा था। डीएम ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जिससे केंद्र व्यवस्थापकों और प्रशासनिक अमले में मुस्तैदी बनी रही। इसके साथ ही, परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया था। जिला मुख्यालय पर बने कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की लाइव फीड पर लगातार नजर रखी जा रही थी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके। प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी और चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने की अनुमति दी गई। कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक मुस्तैदी के चलते प्रयागराज में PET परीक्षा का तीसरा चरण पूरी तरह सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। किसी भी केंद्र से किसी अप्रिय घटना या नकल की कोई सूचना नहीं मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)