प्रयागराज में प्रस्तुति देने आएंगे मनोज तिवारी-रवि किशन:सोरांव महोत्सव में कई राज्यों की लोक कलाओं की छटा बिखरेगी
प्रयागराज के सोरांव स्थित मेवा लाल ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय प्रयागराज सोरांव महोत्सव-2026 का आयोजन होगा। जिला प्रशासन, उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग और द्वारिका प्रसाद हीरावती ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस महोत्सव में बॉलीवुड और भोजपुरी जगत के चर्चित कलाकारों के साथ देश के विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। इस दौरान 501 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी कराया जाएगा।
बड़े कलाकार होंगे आकर्षण का केंद्र
महोत्सव के आयोजक विधान परिषद सदस्य डॉ. सुरेंद्र चौधरी ने बताया, कार्यक्रम में सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी, अभिनेता रवि किशन, भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', लोकगायिका तृप्ति शाक्या और कलाकार ईशान मिश्रा सहित कई प्रसिद्ध हस्तियां प्रस्तुति देंगी। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की भागीदारी इस बार महोत्सव को और भव्य बनाएगी।
लोक संस्कृति और शास्त्रीय कलाओं का होगा संगम
तीन दिवसीय महोत्सव में कालबेलिया, बिहू, ओडिसी, कथक और हरियाणवी लोकनृत्य सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोक एवं शास्त्रीय कला की प्रस्तुतियां होंगी। इसके जरिए दर्शकों को भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं को बढ़ावा देना है।
दो सत्रों में होगा आयोजन
महोत्सव प्रतिदिन दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसमें क्षेत्रीय कलाकारों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां शुरू होंगी।
हस्तशिल्प, प्रदर्शनियां और किड्स जोन भी रहेगा आकर्षण
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां, हस्तशिल्प स्टॉल, विषय आधारित संगोष्ठियां और बच्चों के लिए विशेष किड्स जोन भी बनाया जाएगा। आयोजन में संस्कृति विभाग और उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र का सहयोग रहेगा, जबकि कई सेलिब्रिटी कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है।
क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रयागराज सोरांव महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्रीय कलाकारों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष महोत्सव को लोगों का भरपूर सहयोग मिला था, इसलिए इस बार इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह आयोजन सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ सोरांव की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती देगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)