रागी और श्रीअन्न के लड्डू: 967 कुपोषित बच्चों को रोज बालभोग खिलाया जाएगा
भास्कर न्यूज | बलरामपुर जिले में कुपोषण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत बालभोग कार्यक्रम शुरू किया है। इसमें श्रीअन्न, रागी, सूखे मेवों से बने प्रोटीन युक्त लड्डू कुपोषित बच्चों को रोज खिलाए जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से किया। मौका शंकरगढ़ ब्लॉक के गांव चिरई, जशवंतपुर में लरंग साय प्रतिमा अनावरण समारोह का था। पहले चरण में शंकरगढ़ ब्लॉक के 967 कुपोषित बच्चों को चिह्नित किया है। हर बच्चे को रोज 30 ग्राम पौष्टिक लड्डू मिलेगा। लड्डू सिर्फ बांटे नहीं जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मौजूदगी में बच्चों को तय मात्रा में लड्डू खिलाएंगी। मकसद यह है कि अतिरिक्त पोषण बच्चे तक पहुंचे। स्थानीय स्तर पर उगने वाले श्रीअन्न और रागी का उपयोग बच्चों के भोजन को पौष्टिक बनाएगा। पारंपरिक खाद्य संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। बालभोग की खास बात निगरानी तंत्र है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लड्डू खिलाने के साथ हर बच्चे के स्वास्थ्य और पोषण स्तर पर लगातार नजर रखेंगी। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा लक्ष्य हर बच्चे को स्वस्थ, सुपोषित बचपन देना है। बालभोग के जरिए नियमित अतिरिक्त पोषण दिया जाएगा। बच्चों की प्रगति का आकलन भी होगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक, समुदाय की सक्रिय भागीदारी से कुपोषण मुक्त बलरामपुर के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ने की बात कही गई। शंकरगढ़ ब्लॉक के बच्चों के साथ प्रशासनिक अधिकारी व अन्य।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)