सहारनपुर में 34 सेंटरों पर होगी PET परीक्षा:प्रत्येक शिफ्ट में 14,664 अभ्यर्थी होंगे शामिल, नकल रोकने के लिए मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी

Oct 30, 2026 - 06:31
0
सहारनपुर में 34 सेंटरों पर होगी PET परीक्षा:प्रत्येक शिफ्ट में 14,664 अभ्यर्थी होंगे शामिल, नकल रोकने के लिए मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के दूसरे चरण की परीक्षा शुक्रवार, 30 अक्तूबर को सहारनपुर में आयोजित होगी। जिले के 34 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में एक पाली में 14,664 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पीईटी की परीक्षा जिले में तीन तारीखों पर छह पालियों में आयोजित की जा रही है। इससे पहले 25 अक्तूबर को परीक्षा हो चुकी है। अब 30 अक्तूबर और एक नवंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। तीनों तारीखों की छह पालियों में कुल 87,984 अभ्यर्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। प्रत्येक पाली में 14,664 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस तरह शुक्रवार को दोनों पालियों में कुल 29,328 अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। सुबह 10 से 12 और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक परीक्षा जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र पर आयोग की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने और प्रवेश संबंधी नियमों का ध्यान रखने की भी जरूरत होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक जय करन यादव के अनुसार, परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी केंद्रों पर निर्धारित नियमों का पालन कराया जाए। 34 केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी डीएम अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर 21 अक्तूबर को अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक हुई थी। इसमें सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र पर्यवेक्षकों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षा में नकल या अन्य अनुचित गतिविधियों के जरिए बाधा डालने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच करेंगे। केंद्रों पर किसी प्रकार की कमी मिलने पर उसे दूर कराने पर जोर दिया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ बिजली आपूर्ति, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, एंड्राइड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को आयोग के निर्देशों के अनुसार ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के कारण दूसरे जिलों और क्षेत्रों से भी लोगों के सहारनपुर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे और परिवहन विभाग को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी ने महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने पर जोर दिया था। अधिकारियों से कहा गया कि अभ्यर्थियों के साथ सौम्य व्यवहार किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर उनके बैग आदि रखवाने के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सामान रखने को लेकर अभ्यर्थियों को परेशानी न हो। केंद्रों पर प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की रहेगी। रोडवेज चलाएगा अतिरिक्त बसें परीक्षा के दिनों में बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। रोडवेज अधिकारियों को अभ्यर्थियों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे, एआरटीओ, एसपी यातायात और सिटी मजिस्ट्रेट को भी आवागमन की व्यवस्था बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में मदद करने के लिए कहा गया है। होटल, टेंपो और ई-रिक्शा चालकों को मनमाना किराया न लेने की हिदायत परीक्षा के लिए बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने और स्थानीय आवागमन की जरूरत पड़ सकती है। इसे देखते हुए होटल संचालकों, टेंपो और ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित दरों के अनुसार ही किराया लेना होगा। इन 34 केंद्रों पर होगी परीक्षा एएचपी इंटर कॉलेज छुटमलपुर, आर्य कन्या इंटर कॉलेज मटिया महल खालापार, आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल जनता रोड, बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज बेहट रोड, बीएचएस इंटर कॉलेज मिशन कंपाउंड, डीएवी पब्लिक स्कूल रसूलपुर बेहट रोड, दयाचंद जैन इंटर कॉलेज सरसावा, गौरी शंकर इंद्रपाल सिंह इंटर कॉलेज हसनपुर, गोचर कृषि इंटर कॉलेज रामपुर मनिहारान, गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारान और राजकीय इंटर कॉलेज कैलाशपुर शामिल हैं। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कमेला रोड, राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट, गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज गांधी पार्क, गुरु नानक इंटर कॉलेज अंबाला रोड, एचएवी इंटर कॉलेज मातागढ़, इंडस्ट्रियल मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज आतिशबाजान, इस्लामिया इंटर कॉलेज ईदगाह रोड, जेबीएस हिंदू कन्या इंटर कॉलेज रायवाला, जेवी जैन कॉलेज प्रद्युम्न नगर, जेवी जैन इंटर कॉलेज मातागढ़ कलसिया रोड और जगदीश प्रसाद आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मड़की रोड को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। अन्य केंद्रों में जनता इंटर कॉलेज अहमदपुर ब्राह्मण, जनता इंटर कॉलेज स्टेशन रोड नागल, केसीसीपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज गिल कॉलोनी, खालसा पब्लिक स्कूल सड़क दूधली, किसान विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दाउदपुरा, महाराज सिंह कॉलेज चकराता रोड, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लिंक रोड, रमाबाई राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज कोटा, एसबीबीए इंटर कॉलेज धोबी घाट, श्री दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज छाता बारूमल, सियाराम इंटर कॉलेज गागलहेड़ी और सेंट मैरी स्कूल चिलकाना रोड हलालपुर शामिल हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User