राजा भैया को सीएम बनाने की मांग:कुंडा में पोस्टर लेकर पहुंचे युवा बोले- 2027 में यूपी का मुख्यमंत्री बनाएं, योगी को पीएम बनाएं
प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठी है। बेंती राजभवन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय श्रीराम कथा के समापन पर समर्थक पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे। इन पर 2027 में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को मुख्यमंत्री और 2029 में योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री बनाने की मांग लिखी थी। कथा स्थल के आसपास अलग-अलग शहरों से आए युवाओं की टोलियां पोस्टर लेकर पहुंचीं। इनमें गाजियाबाद और जबलपुर समेत कई शहरों के युवा शामिल थे। उन्होंने इसे देशभर में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया। देशभर में अभियान चलाने का दावा पोस्टर लेकर पहुंचे आशुतोष सिंह ने कहा कि उनका अभियान देशभर में चल रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को सनातन धर्म के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के बारे में गलत बातें फैलाने वालों के बीच युवा पीढ़ी को जागरूक रहने की जरूरत है। बोले- धर्म की रक्षा करने वाला ही देश की रक्षा करेगा आशुतोष सिंह ने राजा भैया को मुख्यमंत्री बनाने की मांग करते हुए कहा कि जो धर्म की रक्षा करेगा, वही प्रदेश और देश की रक्षा कर सकता है। उन्होंने कुंडा में राजा भैया के संरक्षण में हुई रामकथा और धार्मिक आयोजन का उदाहरण दिया। 2027 में राजा भैया, 2029 में योगी को पीएम बनाने की मांग गाजियाबाद से आए शिव तिवारी ने कहा कि प्रदेश में लोगों के बीच राजा भैया को मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा होती है। उनकी मांग है कि 2027 में राजा भैया मुख्यमंत्री बनें और 2029 में योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री बनें। उन्होंने कहा कि भाजपा को अगला प्रधानमंत्री बनवाना है तो योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री का चेहरा बनाना चाहिए। सनातन की बात करने वालों के साथ युवा खड़े रहेंगे। बोले- योगी के बाद राजा भैया संभालें सीएम की जिम्मेदारी राजा भैया की दो विधानसभा सीटों को लेकर सवाल पूछे जाने पर शिव तिवारी ने कहा कि किसी भी मंजिल तक पहुंचने के लिए पहली सीढ़ी से शुरुआत करनी पड़ती है। उन्होंने बूंद-बूंद से घड़ा भरने का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका अभियान सनातन के मुद्दे पर आगे बढ़ रहा है। वहीं, इशिका ठाकुर ने कहा कि योगी आदित्यनाथ जब तक मुख्यमंत्री रहना चाहें, रहें, लेकिन उनके बाद उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी राजा भैया को मिलनी चाहिए। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री के रूप में देखने की इच्छा भी जताई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)