विवाहिता की मौत के एक महीने बाद 3-लोगों पर केस:पति, ससुर और ननद पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप; जांच शुरू
महोबा के अजनर थाना क्षेत्र में विवाहिता की मौत के करीब एक माह बाद पुलिस ने पति, ससुर और ननद के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि ससुराल में प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। गंभीर हालत में उसे छतरपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। 2019 में हुई थी शादी, मारपीट के बाद बुलानी पड़ी थी पुलिस
कोतवाली महोबा के बिलवई गांव निवासी जगदीश कुमार सोनी ने अपनी बेटी विनीता की शादी 21 फरवरी 2019 को खिरियाकलां निवासी भरत कुमार से की थी। पिता का आरोप है कि 30 सितंबर 2026 को पति भरत कुमार, ससुर रामबाबू और ननद अंजली ने विनीता के साथ मारपीट की थी। इसके बाद 112 नंबर पर फोन कर पुलिस बुलाई गई थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। 19 अक्टूबर को फिर मारपीट, अस्पताल में तोड़ा दम
पिता के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को ससुराल पक्ष ने फिर विनीता के साथ मारपीट और उत्पीड़न किया। इससे परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। 20 अक्टूबर को उसे किराये की गाड़ी से छतरपुर के मिशन अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर पिता, मां और बड़ा भाई अजयकांत अस्पताल पहुंचे। इलाज के दौरान 21 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 10 बजे विनीता की मौत हो गई। साढ़े चार साल और 11 महीने के हैं दोनों बच्चे
विनीता के दो छोटे बच्चे हैं। बड़ा बेटा करीब साढ़े चार साल का है, जबकि छोटा बेटा महज 11 महीने का है। अजनर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने शनिवार सुबह करीब 9 बजे बताया कि पिता की शिकायत पर पति भरत कुमार, ससुर रामबाबू और ननद अंजली के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई रविन्द्र कुमार मिश्रा कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)