रामपुर में ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच प्रतियोगिता:सेंट पॉल व आनंद कॉन्वेंट स्कूल रहे प्रथम, संस्कृति, इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
रामपुर में भारत विकास परिषद की संकल्प शाखा की ओर से 19 नवंबर को महर्षि विद्या मंदिर में शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें रामपुर के लगभग 10 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता कनिष्ठ और वरिष्ठ दो वर्गों में हुई। इसमें विद्यार्थियों से भारतीय इतिहास, संस्कृति, भूगोल, संविधान, कला, साहित्य और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। परिणामों में वरिष्ठ वर्ग में सेंट पॉल स्कूल ने प्रथम, माउंट लिट्रा जी स्कूल ने द्वितीय और श्रीहरि इंटर कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में आनंद कॉन्वेंट स्कूल प्रथम, माउंट लिट्रा जी स्कूल द्वितीय और सेंट पॉल स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष तुषार अग्रवाल सहित परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। प्रश्न मंच का संचालन क्विज मास्टर सुखदेव मिश्रा ने किया। स्कोरिंग और निर्णायक की जिम्मेदारी कुसुम कपूर एवं शुभी सक्सेना ने निभाई। इस अवसर पर महर्षि विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य प्रमोद यादव के प्रति आभार व्यक्त किया गया और उनका सम्मान किया गया। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय आगामी रविवार को बहजोई में आयोजित प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। संस्था अध्यक्ष तुषार अग्रवाल ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रीय गौरव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)