रामपुर जिला अस्पताल में पटाखों से झुलसने वालों का इलाज:इमरजेंसी और बर्न वार्ड में 7-7 बेड आरक्षित, डॉक्टरों को किया गया ALERT
रामपुर में दीपावली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पटाखों से झुलसने वाले मरीजों के इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड में सात और बर्न वार्ड में करीब सात बेड तैयार रखे गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। इमरजेंसी और बर्न वार्ड में किए इंतजाम DM अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जिला अस्पताल के CMS डॉ. बीसी सक्सेना ने इमरजेंसी वार्ड में बर्न मरीजों के उपचार के लिए सात बेड आरक्षित कराए हैं। इसके अलावा अस्पताल की तीसरी बिल्डिंग में संचालित बर्न वार्ड में भी करीब सात बेड तैयार रखे गए हैं। सभी बेड पर साफ चादरें बिछाने के साथ साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। CMS डॉ. बीसी सक्सेना ने बताया कि दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान आग से झुलसने के मामले सामने आने की आशंका रहती है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन ने पहले से ही जरूरी इंतजाम कर लिए हैं। मरीज की हालत और जरूरत के अनुसार उसे बर्न वार्ड में भर्ती किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इमरजेंसी में आरक्षित बेड पर भी तत्काल उपचार दिया जाएगा। दवाइयों और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित CMS ने बताया कि DM के निर्देशन में विशेषज्ञ चिकित्सकों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ बैठक की गई है। इसमें दीपावली के दौरान इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। जरूरी दवाइयों, इंजेक्शन और आई ड्रॉप की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियां भी बता दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान किसी मरीज को परेशानी न हो। आग से झुलसने, आंखों में पटाखों की चिंगारी जाने या अन्य किसी आपात स्थिति में मरीजों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तत्काल उपचार दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)