रिपोर्ट-हसीना की वापसी के लिए भारत ने 2 शर्तें रखीं:बांग्लादेश की सेना उन्हें भारत से लेकर जाए, निष्पक्ष सुनवाई की गारंटी भी दे
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी के लिए भारत ने दो शर्तें रखी हैं। BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश की सेना खुद भारत आकर हसीना को अपने साथ वापस ले जाए। दूसरी शर्त यह है कि बांग्लादेश सरकार उन्हें निष्पक्ष सुनवाई का मौका देने का भरोसा दे। हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। हालांकि, भारत सरकार ने इन शर्तों पर कुछ नहीं कहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत पिछले कुछ महीनों से हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश से बातचीत कर रहा है। भारत चाहता है कि वापस लौटने पर उनकी सुरक्षा बनी रहे और वहां चल रहे मुकदमों में उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा मौका मिले। पहली शर्त- वापसी के लिए सेना की निगरानी में इंतजाम BBC बांग्ला के मुताबिक, हसीना को वापस ले जाने के लिए बांग्लादेश दिल्ली में अपना सैन्य विमान भेज सकता है। दूसरा विकल्प यह है कि बांग्लादेश की सेना भारत-बांग्लादेश सीमा पर किसी तय जगह पहुंचकर उन्हें अपने साथ ले जाए। 5 अगस्त 2024 को हसीना बांग्लादेश की सेना के विमान से भारत पहुंची थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत इस बार भी उनकी वापसी के लिए जरूरी इंतजाम करने को तैयार है। दूसरी शर्त- कानूनी कार्रवाई पर अंतरराष्ट्रीय नजर रहे बांग्लादेश की एक अदालत हसीना को मौत की सजा सुना चुकी है। भारत चाहता है कि उन्हें इस फैसले के खिलाफ अपील करने का मौका मिले। साथ ही, जुलाई 2024 में हुई हिंसा से जुड़े आरोपों पर नए सिरे से सुनवाई हो। BBC बांग्ला ने भारत के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि भारत चाहता है कि इस पूरी सुनवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और वैश्विक मीडिया की नजर रहे। अधिकारी के मुताबिक, भारत हसीना को बिना निष्पक्ष सुनवाई का मौका दिए फांसी के लिए नहीं सौंपना चाहता। हसीना ने पासपोर्ट के लिए किया आवेदन हसीना ने 9 नवंबर को नए पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों के लिए आवेदन किया था। भारत आने के बाद बांग्लादेश सरकार से उनका यह पहला आधिकारिक संपर्क था। हालांकि, ढाका की तरफ से इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई। बांग्लादेश के कुछ नेताओं ने भारत से हसीना को वापस सौंपने की मांग दोहराई है। BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, हसीना ने भारत के साथ वापसी को लेकर सहमति बनने के बाद ही दिसंबर में लौटने का ऐलान किया था। भारत के हाई कमिश्नर ने सेना प्रमुख से मुलाकात की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के बांग्लादेश में हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने 6 अक्टूबर को दिल्ली में सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ से मुलाकात की थी। भारतीय सेना ने इस मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा था कि दोनों के बीच भारत-बांग्लादेश सहयोग और रक्षा संबंध मजबूत करने पर चर्चा हुई। हालांकि, BBC बांग्ला ने एक भारतीय सैन्य अधिकारी के हवाले से दावा किया कि इस मुलाकात का संबंध हसीना की वापसी में बांग्लादेश की सेना की भूमिका तय करने से था। भारत ने रिपोर्ट पर कुछ भी कहने से इनकार किया 13 नवंबर को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से हसीना की वापसी को लेकर सवाल पूछा गया। उनसे पूछा गया कि क्या भारत ने बांग्लादेश से सैन्य विमान भेजने और हसीना को निष्पक्ष सुनवाई का मौका देने की गारंटी मांगी है। इस पर जायसवाल ने कहा, 'मेरे पास इस बारे में कहने के लिए कुछ नहीं है।' वहीं, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सहायक प्रेस सचिव केएम नजमुल हक ने फेसबुक पोस्ट में दावा किया कि कोई भी देश हसीना को शरण देने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने ब्रिटेन, UAE, सऊदी अरब, फिनलैंड और अमेरिका समेत कई देशों का नाम लिया। दिसंबर में हसीना की वापसी आसान नहीं BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय अधिकारियों को भी दिसंबर में हसीना की वापसी मुश्किल लग रही है। उनका मानना है कि बांग्लादेश सरकार सार्वजनिक रूप से हसीना का प्रत्यर्पण मांग रही है, लेकिन उनकी वापसी से देश की राजनीतिक और प्रशासनिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रिपोर्ट में एक भारतीय अधिकारी के हवाले से कहा गया कि अगर हसीना तय समय पर नहीं लौट पाती हैं, तो भारत यह कह सकेगा कि उन्होंने खुद वापस जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन बांग्लादेश की तरफ से कई अड़चनें आईं। फिलहाल, भारत की इन दोनों शर्तों और बांग्लादेश के साथ चल रही बातचीत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। --------------- यह खबर भी पढ़ें… हसीना बोलीं- जनता चाहेगी तो फिर बांग्लादेश की सत्ता संभालूंगी:जान की परवाह नहीं; देश में हिंदू, बौद्ध, ईसाई सुरक्षित नहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने शुक्रवार को कहा है कि अगर जनता चाहेगी तो वे एक बार फिर बांग्लादेश की सत्ता संभालने के लिए तैयार हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)