कृष्ण लीला महोत्सव: कंस सेना ने तलवारें लहराकर मचाया आतंक:शोभायात्रा देखने उमड़े श्रद्धालु, मार्ग पर लगा जाम

Nov 15, 2026 - 00:46
0
आगरा में तलवारें लहराते सैनिक, डरावना रूप धारण किए कंस और कैद में बंद पिता उग्रसेन... कंस के आतंक का यह दृश्य शनिवार को शहर की सड़कों पर देखने को मिला। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति की ओर से आयोजित ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के दूसरे दिन कंस की दुहाई की शोभायात्रा निकाली गई। पांच सवारियों के साथ निकली इस शोभायात्रा को देखने के लिए रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। शोभायात्रा के चलते मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। इसमें करीब एक घंटे तक वाहन फंसे रहे और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शोभायात्रा से पहले वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद पांच सवारियों के साथ जुलूस रवाना हुआ। इसमें कंस का भयावह स्वरूप, तलवारें लहराते सैनिक, कैद में पिता उग्रसेन और डरावने रूप में बहन पूतना को दिखाया गया। सैनिक तलवारें लहराते हुए कंस के आतंक का उद्घोष कर रहे थे। उनके हावभाव और वेशभूषा को देखकर बच्चे रोमांचित नजर आए। कई बच्चे डरकर अपने परिजनों के पीछे छिपते दिखे, जबकि बड़ी संख्या में लोग इस दृश्य को देखने के लिए रास्ते में खड़े रहे। समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव आगरा की सौ साल से अधिक पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा है। इसका उद्देश्य सवारियों और लीलाओं के माध्यम से लोगों को द्वापर युग की घटनाओं से जोड़ना है। कंस की दुहाई की सवारी के जरिए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से पहले मथुरा में व्याप्त अत्याचार और भय के माहौल को दर्शाया गया। समिति महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि महोत्सव में प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित लीलाओं का मंचन होगा। रविवार को वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव लीला का आयोजन किया जाएगा। इसमें भगवान के जन्म से पहले की घटनाओं और कंस के अत्याचारों से जुड़े प्रसंगों का मंचन होगा। लीला संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि इस वर्ष पारंपरिक लीलाओं के साथ भीष्म प्रतिज्ञा, प्रह्लाद चरित्र और सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र जैसी विशेष लीलाओं का मंचन भी किया जाएगा। इस अवसर पर महंत गोपी गुरु, नेशनल चैंबर अध्यक्ष मनोज बंसल, सुनील विकल, राजू यादव, अजय गर्ग, अरविंद शर्मा, सूरज तिवारी, शलभ शर्मा, रविंद्र अग्रवाल, पुष्कल गुप्ता, अशोक गोयल, विष्णु अग्रवाल, अनंत उपाध्याय, मुकेश शर्मा, मनोज गुप्ता, संजय अग्रवाल, आशु रोहतगी, लक्ष्मण शर्मा, विनीत सिंघल, पंकज मोहन, ब्रजेश अग्रवाल, मनीष शर्मा, पंकज शास्त्री और अरविंद कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User