ऋषिकेश में गंगा घाट पर बिना अनुमति शादी का आयोजन:20 हजार का लगाया जुर्माना, रोशन रतूड़ी बोले- जुर्माना नाकाफी, समाज में जाएगा गलत संदेश
मुनि की रेती में गंगा तट पर बिना अनुमति शादी समारोह आयोजित किया गया। 12 नवंबर को स्वामीनारायण घाट के पास हुए इस आयोजन पर नगर पालिका ने 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। गंगा के घाट पर निजी समारोह कैसे आयोजित हुआ, इसको लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व, सिंचाई विभाग और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम नरेंद्र भट्ट ने भी निरीक्षण किया। राजस्व और सिंचाई विभाग ने नोटिस जारी किए हैं। अब आयोजकों के खिलाफ एफआईआर और कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। वहीं, पूर्व पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने 20 हजार रुपये के जुर्माने को नाकाफी बताया है। उनका कहना है कि गंगा तट पर इस तरह के निजी आयोजनों पर पूरी तरह रोक होनी चाहिए और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। तीन विभागों ने जारी किए नोटिस
उप जिलाधिकारी नरेंद्र नगर पंकज भट्ट ने बताया कि 12 नवंबर को गंगा तट पर शादी समारोह आयोजित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद राजस्व विभाग, सिंचाई विभाग और मुनिकीरेती नगर पालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि बाहर की एक पार्टी के लिए स्थानीय व्यक्ति संजय कुकरेजा ने आयोजन करवाया था। नगर पालिका ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत आयोजक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की ओर से भी नोटिस जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी को भेजा जाएगा पत्र
पंकज भट्ट ने बताया कि मामले में दोबारा संयुक्त निरीक्षण किया गया है। इस दौरान टीम ने मौके की फर्द तैयार की है। अब उचित एफआईआर और अन्य विधिक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी टिहरी को पत्र भेजा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंगा तट पर बिना विधिवत अनुमति इस तरह का आयोजन करना नियमों के विरुद्ध है और मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने की तैयारी
20 हजार रुपये के जुर्माने को लेकर एसडीएम ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के मानकों के तहत अधिकतम चालान की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई केवल जुर्माने तक सीमित नहीं रहेगी। भविष्य में इस तरह के आयोजन दोबारा न हों, इसके लिए जरूरी विधिक कदम उठाए जाएंगे। उनका कहना है कि यदि ऐसे आयोजनों पर सख्ती नहीं की गई तो दूसरे लोग भी इन्हें देखकर प्रोत्साहित हो सकते हैं। इसलिए जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। रोशन रतूड़ी ने प्रशासन की अनुमति पर उठाए सवाल
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि उन्होंने भी स्वामीनारायण घाट के पास छठ पूजा घाट पर भव्य शादी समारोह आयोजित किए जाने की खबर देखी थी। यह देखकर उन्हें आश्चर्य हुआ कि जिला प्रशासन या नगर पालिका प्रशासन ने इस तरह के आयोजन की अनुमति कैसे दी। उन्होंने कहा कि एनजीटी के सख्त नियमों के तहत गंगा घाटों पर शादी, जन्मदिन या किसी भी तरह के निजी समारोह आयोजित करना अनुचित है। गंगा तट पर आध्यात्मिक आयोजन हो सकते हैं, लेकिन निजी समारोहों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। 20 हजार का जुर्माना काफी नहीं
रोशन रतूड़ी ने आयोजक को जारी किए गए 20 हजार रुपये के नोटिस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जुर्माने की राशि तय करना संबंधित संस्था के विवेक पर निर्भर करता है, लेकिन जब उल्लंघन बड़ा है तो जुर्माना भी उसी के अनुरूप होना चाहिए। उनके मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति 20 हजार रुपये जुर्माना भरकर गंगा तट पर बड़ा निजी आयोजन कर सकता है, तो यह गलत संदेश देगा। जुर्माना भरकर आयोजन करना बन जाएगा सस्ता सौदा
रोशन रतूड़ी ने कहा कि अगर जुर्माने की राशि 20 हजार रुपये तक ही सीमित रहेगी, तो भविष्य में कोई दूसरा व्यक्ति भी गंगा तट पर बड़ा आयोजन करेगा और जुर्माना भरकर मामले को खत्म समझ लेगा। उन्होंने इसे सस्ते सौदे जैसा बताते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे दोबारा कोई इस तरह का आयोजन करने की हिम्मत न करे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)