रुद्रपुर ब्लॉक के मनरेगा कक्ष में आग लगी:दस्तावेज, सरकारी रिकॉर्ड और कंप्यूटर जले
देवरिया जिले के रुद्रपुर ब्लॉक मुख्यालय के मनरेगा कक्ष में रविवार शाम करीब 7 बजे आग लग गई। आग में दस्तावेज, सरकारी रिकॉर्ड, कंप्यूटर और अन्य सामान जल गए। रविवार को कार्यालय बंद था। आसपास के लोगों ने कक्ष से धुआं उठता देखा और ब्लॉक के कर्मचारियों व अधिकारियों को सूचना दी। कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तब तक आग फैल चुकी थी और लपटें खिड़की से बाहर आ रही थीं। सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। कंप्यूटर जलने से उनमें रखा डेटा नष्ट होने की आशंका है। रिकॉर्ड और डेटा के नुकसान का आकलन जांच के बाद होगा। आग लगने की वजह अभी साफ नहीं है। शॉर्ट सर्किट या किसी के जानबूझकर आग लगाने की आशंका की जांच की जा रही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि विकासखंड कार्यालय में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बीडीओ एजाज अहमद ने कहा कि मनरेगा कक्ष में आग कैसे लगी, इसकी जांच कराई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)