देवरिया पुलिस लाइन में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल हुई:हवाई हमले के बाद आग और घायलों की काल्पनिक स्थिति में बचाव का अभ्यास

Nov 22, 2026 - 22:52
0
देवरिया पुलिस लाइन में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल हुई:हवाई हमले के बाद आग और घायलों की काल्पनिक स्थिति में बचाव का अभ्यास
देवरिया में आपातकालीन और आपदा जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम पुलिस लाइन परिसर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। शाम 6:05 बजे सायरन बजते ही पूरे परिसर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, बिजली विभाग, एनसीसी और आपदा मित्रों की टीमें सक्रिय हो गईं। अंधेरे में घायलों की तलाश, आग बुझाने और उन्हें सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया। सायरन बजते ही शुरू हुआ ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के लिए शाम छह बजे से तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम 6:05 बजे सायरन बजते ही परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी, अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। निर्धारित योजना के तहत बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। मॉक ड्रिल में हवाई हमले के बाद आग लगने और लोगों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई थी। सायरन बंद होने के बाद बचाव दल ने अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं। एनसीसी कैडेट और आपदा मित्रों ने संभाला मोर्चा अंधेरा होने के बाद एनसीसी कैडेट और आपदा मित्रों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का अभ्यास किया। इसके साथ ही घायलों की तलाश शुरू की गई। घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई। इस अभ्यास में एनसीसी की 49वीं बटालियन के जवानों और कैडेटों ने हिस्सा लिया। हवलदार भैरव सिंह और सनम लामा के नेतृत्व में कैडेटों ने बचाव अभियान का अभ्यास किया। दमकल की गाड़ियों ने संभाला मोर्चा अग्निशमन विभाग की टीम फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभ्यास किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार और द्वितीय अधिकारी विशाल यादव के नेतृत्व में टीम ने राहत एवं बचाव कार्य किया। ऑपरेशन कमांडर अजय कुमार चौबे समेत फायर यूनिट के कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल किया। 10 वॉकी-टॉकी और तीन एंबुलेंस का किया इस्तेमाल मॉक ड्रिल के दौरान संचार और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों को भी परखा गया। टीमों के बीच संपर्क बनाए रखने के लिए 10 वॉकी-टॉकी लगाए गए थे। वहीं, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों ने सूचना मिलने से लेकर राहत-बचाव कार्य और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की प्रक्रिया का जायजा लिया। एएसडीएम नम्रता सिंह ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना और आमजन की सुरक्षा मजबूत करना है। अभ्यास में सभी विभागों ने अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस तरह के अभ्यास से वास्तविक आपदा के समय बेहतर समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया जा सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User