SGPGI में अब एक साथ कई अंग ट्रांसप्लांट होंगे:प्रो.आर के धीमन बोले- हैंड और लंग्स ट्रांसप्लांट अगला लक्ष्य, डॉक्टरों की टीम ट्रेनिंग लेकर तैयार

Nov 12, 2026 - 07:41
0
SGPGI में अब एक साथ कई अंग ट्रांसप्लांट होंगे:प्रो.आर के धीमन बोले- हैंड और लंग्स ट्रांसप्लांट अगला लक्ष्य, डॉक्टरों की टीम ट्रेनिंग लेकर तैयार
SGPGI में अब एक साथ दो या उससे अधिक अंगों के ट्रांसप्लांट की सुविधा विकसित की जाएगी। किडनी और लिवर या हार्ट और किडनी दोनों खराब होने पर मरीजों को एक ही जगह ट्रांसप्लांट की सुविधा मिल सकेगी। संस्थान में किडनी, लिवर और हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद अब मल्टीपल सॉलिड ऑर्गन ट्रांसप्लांट की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही हैंड और लंग्स ट्रांसप्लांट भी संस्थान के अगले लक्ष्य हैं। हाल ही में डॉक्टरों ने सड़क हादसे में अंगूठा गंवा चुके युवक के पैर के अंगूठे को हाथ में ट्रांसप्लांट किया है। इसे हैंड ट्रांसप्लांट की दिशा में पहला कदम माना जा रहा है। वहीं, लंग्स ट्रांसप्लांट के लिए डॉक्टरों की टीम ट्रेनिंग लेकर तैयार है। संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो.आर.के धीमन ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत में भविष्य की इन योजनाओं की जानकारी दी। पेश हैं बातचीत के प्रमुख अंश... सवाल: पैर के अंगूठे को हाथ में ट्रांसप्लांट करने के बाद अब आगे की क्या योजना है? क्या SGPGI में हैंड ट्रांसप्लांट भी शुरू होगा? जवाब: उत्तर प्रदेश में ऑर्गन ट्रांसप्लांट करने वाले बहुत कम सेंटर हैं। इनमें SGPGI सबसे आगे है। यहां लगभग रोज किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट होते हैं। आपने सुना होगा कि SGPGI ने प्रदेश का पहला हार्ट ट्रांसप्लांट भी किया है। हमारा प्रयास है कि उत्तर प्रदेश के किसी भी तबके के मरीज को ऑर्गन ट्रांसप्लांट की जरूरत पड़े तो उसे इलाज के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। ऐसी व्यवस्था SGPGI के साथ प्रदेश के दूसरे बड़े अस्पतालों में भी विकसित होनी चाहिए, ताकि हर जरूरतमंद मरीज को यहीं सुविधा मिल सके। इसी दिशा में हम क्वाटरनरी केयर की ओर बढ़ रहे हैं। इसमें हमारी प्राथमिकता मल्टीपल सॉलिड ऑर्गन ट्रांसप्लांट है। अभी हम अलग-अलग मरीजों में एक-एक अंग का ट्रांसप्लांट करते हैं। किसी को किडनी की जरूरत है, तो किडनी ट्रांसप्लांट कर दिया। किसी को लिवर की जरूरत है, तो लिवर ट्रांसप्लांट किया और हार्ट की जरूरत होने पर हार्ट ट्रांसप्लांट किया। 'मल्टीपल ऑर्गन ट्रांसप्लांट की सुविधा विकसित करना लक्ष्य' लेकिन कई बार मरीज की किडनी और लिवर दोनों खराब हो जाते हैं। कुछ मामलों में हार्ट और किडनी दोनों का ट्रांसप्लांट करने की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे मरीजों के लिए मल्टीपल ऑर्गन ट्रांसप्लांट की सुविधा विकसित करना हमारा लक्ष्य है। हैंड ट्रांसप्लांट को लेकर भी हमने अपने प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों से बात की थी। कुछ दिन पहले ही इस विषय पर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा था कि वे हैंड ट्रांसप्लांट कर सकते हैं। हमने उन्हें बाकायदा पत्र लिखकर काम शुरू करने के लिए कहा था, ताकि यह योजना केवल बातचीत तक सीमित न रह जाए। इसके बाद डॉक्टरों ने पैर के अंगूठे को हाथ में ट्रांसप्लांट कर दिया। अब मरीज का हाथ अंगूठे की मदद से चीजों को पकड़ सकेगा और ग्रैस्प कर सकेगा। यह हैंड ट्रांसप्लांट की दिशा में हमारी शुरुआत है। हम जिस हैंड ट्रांसप्लांट की बात कर रहे थे, उसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि किसी दिन आप यह खबर भी सुनेंगे कि प्रदेश का पहला हैंड ट्रांसप्लांट SGPGI में हुआ है। सवाल: लंग्स ट्रांसप्लांट को लेकर क्या तैयारी है? क्या इसके लिए भी डॉक्टरों की टीम तैयार हो चुकी है? जवाब: लंग्स ट्रांसप्लांट के लिए हमारी टीम बन चुकी है। लंग्स का ट्रांसप्लांट अकेले भी किया जा सकता है और कुछ मामलों में हार्ट के साथ भी इसकी जरूरत पड़ सकती है। हमारे यहां इस काम के लिए डॉक्टर आलोक नाथ और उनकी टीम है। वे अपने एक साथी के साथ चेन्नई से ट्रेनिंग लेकर भी आ चुके हैं। अब हम लंग्स ट्रांसप्लांट करने के लिए तैयार हैं। टीम ऐसे मरीज की तलाश कर रही है, जिसमें यह प्रक्रिया की जा सके। जैसे हार्ट ट्रांसप्लांट के मामले में हुआ था, वैसे ही इसमें भी सही मरीज मिलने का इंतजार है। हार्ट ट्रांसप्लांट के समय भी मरीज उपलब्ध थे। जब हमें हार्ट मिला तो डॉक्टर एसके अग्रवाल का फोन आया। उन्होंने बताया कि हार्ट को एयरप्लेन से लाना होगा। मैंने उनसे कहा कि बिल्कुल लेकर आइए। इसके बाद हमने हार्ट ट्रांसप्लांट किया। इसी तरह लंग्स ट्रांसप्लांट के लिए भी जैसे ही उपयुक्त मरीज मिलेगा, हम प्रक्रिया शुरू कर देंगे। उम्मीद है कि जल्द ही इसकी भी खुशखबरी मिलेगी। सवाल: SGPGI का आने वाले समय में सबसे बड़ा लक्ष्य क्या रहेगा? जवाब: हमारा प्रयास है कि उत्तर प्रदेश के किसी भी नागरिक को गंभीर बीमारी या ऑर्गन ट्रांसप्लांट के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। इसके लिए हम लगातार नई सुविधाएं विकसित कर रहे हैं। किडनी, लिवर और हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद अब मल्टीपल ऑर्गन ट्रांसप्लांट, हैंड ट्रांसप्लांट और लंग्स ट्रांसप्लांट की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ……………………… ये खबर भी पढ़िए- GST कमिश्नर रहीं अनुपमा को सीतापुर पसंद:बोलीं- अखिलेश-डिंपल मेरी फेवरेट जोड़ी हैं, राहत फतेह अली के लिए गाने भी लिखे यूपी सरकार में डिप्टी कमिश्नर (जीएसटी) रहीं PCS अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने VRS ले लिया है। इसके बाद उन्होंने सीतापुर की सिधौली सीट से सपा में टिकट की दावेदारी पेश कर दी है। अनुपमा का कहना है कि वह राजनीति में इसलिए आ रही हैं, ताकि समाज में उन सीमाओं को तोड़ सकें, जो लोगों को बदलाव से रोकती हैं। पढ़िए पूरी खबर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User