ब्रेट रैंडेल को पहली बार न्यूजीलैंड टीम में मौका:भारत के खिलाफ आखिरी 2 वनडे के लिए स्क्वॉड में शामिल; 5वें मैच में जोश क्लार्कसन भी खेलेंगे

Nov 12, 2026 - 07:22
0
ब्रेट रैंडेल को पहली बार न्यूजीलैंड टीम में मौका:भारत के खिलाफ आखिरी 2 वनडे के लिए स्क्वॉड में शामिल; 5वें मैच में जोश क्लार्कसन भी खेलेंगे
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए 31 साल के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को टीम में शामिल किया है। रैंडेल को पहली बार सीनियर इंटरनेशनल टीम में जगह मिली है। इसके अलावा ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन पांचवें और आखिरी वनडे के लिए टीम से जुड़ेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार को माउंट माउंगानुई में खेला जाएगा, जबकि पांचवां मैच रविवार को होगा। 5 मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 2-0 से आगे है। तीसरा वनडे बारिश के कारण रद्द हो गया था। कोच बोले- घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने रैंडेल के चयन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि रैंडेल लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर यह मौका हासिल किया है। वाल्टर ने कहा, "जब किसी खिलाड़ी को पहली बार इंटरनेशनल टीम में चुना जाता है, तो यह हमेशा खास पल होता है। हम ब्रेट के लिए बहुत खुश हैं। वह पिछले काफी समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और इस मौके के हकदार हैं।" कोच ने यह भी संकेत दिया कि रैंडेल को सीरीज के आखिरी दो मैचों में डेब्यू का मौका मिल सकता है। कौन हैं ब्रेट रैंडेल, 145 प्रोफेशनल मैच खेल चुके 31 साल के ब्रेट रैंडेल न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट में अनुभवी तेज गेंदबाज हैं। वह अब तक 145 प्रोफेशनल मैच खेल चुके हैं। इनमें न्यूजीलैंड-A के लिए खेले गए 5 मुकाबले भी शामिल हैं। रैंडेल हाल ही में इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में डर्बीशायर की ओर से खेलकर लौटे हैं। घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें पहली बार सीनियर नेशनल टीम में जगह मिली है। टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए कोचिंग स्टाफ में बदलाव भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से टेस्ट सीरीज शुरू होनी है। इसकी तैयारियों के चलते न्यूजीलैंड के कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया गया है। नियमित बॉलिंग कोच जैकब ओरम, बैटिंग कोच ल्यूक रोंची और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच क्रिस डोनाल्डसन टेस्ट टीम की तैयारियों के लिए वेलिंगटन रवाना हो गए हैं। उनकी जगह नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के पाथवे कोच मिच रेनविक और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच कोरी माइल्स को वनडे टीम के साथ जोड़ा गया है। ये हेड कोच रॉब वाल्टर और मार्टिन गुप्टिल के साथ आखिरी दो वनडे में टीम के साथ रहेंगे। पांचवें वनडे में नहीं खेलेंगे मैट हेनरी और काइल जैमीसन न्यूजीलैंड के अपडेटेड स्क्वॉड में दोनों मुकाबलों के लिए कुछ बदलाव किए गए हैं। तेज गेंदबाज मैट हेनरी और काइल जैमीसन चौथे वनडे के लिए टीम में शामिल हैं, लेकिन पांचवें मुकाबले के स्क्वॉड में उनकी जगह नहीं है। पांचवें वनडे के लिए जोश क्लार्कसन और ब्लेयर टिकनर को टीम में शामिल किया गया है। 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज को देखते हुए हेनरी और जैमीसन के वर्कलोड को मैनेज करने की तैयारी है। चौथे वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर) और विल यंग। पांचवें वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User