प्रकाश राज बोले- टॉलीवुड में आठ बार बैन हुआ:अब ‘वाराणसी’ में कास्टिंग पर राजामौली से पूछे जा रहे सवाल; कहा- दर्शकों को मेरे काम से परेशानी नहीं

Nov 11, 2026 - 15:38
0
प्रकाश राज बोले- टॉलीवुड में आठ बार बैन हुआ:अब ‘वाराणसी’ में कास्टिंग पर राजामौली से पूछे जा रहे सवाल; कहा- दर्शकों को मेरे काम से परेशानी नहीं
साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता प्रकाश राज एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने खुलासा किया है कि उन्हें अपने करियर में टॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से आठ बार बैन किया जा चुका है। अब फिल्ममेकर एसएस राजामौली की अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ में उनकी कास्टिंग को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, प्रकाश राज का कहना है कि बायकॉट और विरोध की मांगों से फिल्मों की सफलता नहीं रुकती। उन्होंने कहा कि दर्शक उनके काम को पसंद करते हैं और उन्हें किसी से परेशानी नहीं है। ‘KGF’ और ‘दृश्यम 3’ के विरोध के बावजूद फिल्मों ने की कमाई प्रकाश राज ने हाल ही में NTV के टॉक शो ‘पॉइंट ब्लैंक’ में बातचीत के दौरान अपनी फिल्मों के बायकॉट की मांग पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनकी फिल्मों में मौजूदगी का विरोध करते हैं, लेकिन इसका फिल्मों की कमाई पर कोई खास असर नहीं पड़ता। अभिनेता ने उदाहरण देते हुए कहा, 'जब मैं KGF में काम कर रहा था, तब भी कुछ लोगों को मेरे फिल्म में होने से परेशानी थी। लेकिन फिल्म ने शानदार कमाई की। अब आप क्या करेंगे? आपने कहा था कि प्रकाश राज को बैन कर दो, लेकिन इसके बावजूद दृश्यम 3 ने भी अच्छी कमाई की।' उन्होंने आगे कहा कि आखिर फिल्मों को कौन रोक सकता है? ज्यादा से ज्यादा लोग उन फिल्मों को रोकने की कोशिश कर सकते हैं, जिन्हें वह खुद प्रोड्यूस करते हैं। प्रकाश राज ने साफ किया कि वह मुख्य रूप से एक अभिनेता हैं और दूसरी फिल्मों में उनके काम करने से किसी को रोकना आसान नहीं है। ‘वाराणसी’ में कास्टिंग पर राजामौली से पूछे जा रहे सवाल प्रकाश राज इन दिनों एसएस राजामौली की अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ का हिस्सा हैं। हालांकि, उनकी इस फिल्म में कास्टिंग को लेकर भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विरोध देखने को मिल रहा है। अभिनेता ने बताया कि कुछ लोग फिल्म में उन्हें कास्ट करने को लेकर राजामौली से सवाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैं अभी वाराणसी में काम कर रहा हूं। X पर लोग राजामौली से सवाल कर रहे हैं कि उन्होंने मुझे फिल्म में क्यों कास्ट किया। अब इसे कौन बैन कर पाएगा?' प्रकाश राज के मुताबिक, जिन दर्शकों ने उनका काम देखा है और जिन्हें उनका अभिनय पसंद है, उन्हें उनसे कोई परेशानी नहीं है। ऐसे में सोशल मीडिया पर होने वाले विरोध को वह ज्यादा महत्व नहीं देते। टॉलीवुड में आठ बार हो चुके हैं बैन बातचीत के दौरान जब होस्ट ने प्रकाश राज से पूछा कि क्या उन्हें कथित गैर-पेशेवर रवैये के चलते टॉलीवुड में आठ बार बैन किया गया, तो अभिनेता ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'क्या ऐसी जिंदगी जीना खूबसूरत नहीं है, जहां हर किसी का एक जैसा होना जरूरी नहीं है? ईमानदारी से अपनी जिंदगी जीना और उससे आने वाली परेशानियों का सामना करना ही मेरी पहचान है। इसमें गलत क्या है?' उन्होंने आगे कहा, 'क्या मैंने कोई अपराध किया है या चोरी की है? मुझे मेरे काम के आधार पर जज कीजिए। मैं जेल में नहीं हूं कि एक तय समय पर आऊं और तय समय पर चला जाऊं। एक कलाकार के काम करने का तरीका अलग होता है।' शूटिंग में देरी और अनप्रोफेशनल व्यवहार के लगे आरोप रिपोर्ट के मुताबिक, प्रकाश राज साल 2008 में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से बैन होने वाले पहले अभिनेता बने थे। उनके करियर में अलग-अलग कारणों से आठ बार बैन लगाए जाने की बात सामने आई है। उनके खिलाफ प्रमुख शिकायतें शूटिंग शेड्यूल पर समय से नहीं पहुंचने और शूटिंग के दौरान अनुपस्थित रहने को लेकर रही हैं। ‘जलसा’, ‘कांतरी’ और ‘परुगु’ जैसी फिल्मों के निर्माताओं ने भी उनके साथ काम करने के दौरान कथित तौर पर सहयोग नहीं मिलने और सेट पर समझौता नहीं करने की शिकायत की थी। हालांकि, प्रकाश राज इन आरोपों को अपने काम करने के तरीके और व्यस्त शेड्यूल से जोड़कर देखते हैं। 2021 में MAA चुनाव को लेकर भी हुआ था विवाद प्रकाश राज और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के बीच विवाद सिर्फ शूटिंग तक सीमित नहीं रहा। साल 2021 में उन्होंने मूवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (MAA) के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला विष्णु मांचू से था। चुनाव प्रचार के दौरान कुछ लोगों ने प्रकाश राज को बाहरी बताते हुए उनके कर्नाटक में जन्म लेने का मुद्दा उठाया था। उन्हें चिरंजीवी जैसे फिल्मी सितारों का समर्थन भी मिला, लेकिन इसके बावजूद वह चुनाव हार गए। इसके बाद उन्होंने चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। प्रकाश राज ने हालिया बातचीत में MAA के चुनाव दोबारा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनके मुताबिक, एसोसिएशन के नियमों के अनुसार हर दो साल में चुनाव होने चाहिए थे, लेकिन 2021 के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User