शाहजहांपुर के गांव में बुखार से 5 मौतों का दावा:150 लोग बीमार, स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप, नहीं की पुष्टि
शाहजहांपुर के कांट क्षेत्र के अभायन गांव में ग्रामीणों ने पिछले 15 से 20 दिनों में बुखार से पांच लोगों की मौत होने का दावा किया है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में अब भी 100 से 150 लोग बुखार से पीड़ित हैं और अलग-अलग अस्पतालों व क्लीनिकों में इलाज करा रहे हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने बुखार से मौतों की पुष्टि नहीं की है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में कैंप लगाया। यहां 63 लोगों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं। वहीं, 18 लोगों के सैंपल की जांच की गई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सड़क किनारे काफी समय से कूड़ा पड़ा हुआ है। 15 से 20 दिनों में पांच लोगों की मौत का दावा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव के ग्रामीणों के मुताबिक, 22 साल की श्रीदेवी को बुखार आया था। उन्हें पहले पड़ोस के गांव के एक क्लीनिक में दिखाया गया। इसके बाद उन्हें बरेली के अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब 12 दिन पहले उनकी मौत होने का दावा किया गया है। ग्रामीणों ने 65 साल के अलादीन, 60 साल के सूरज पाल, 58 साल के हुकुम और 60 साल के शिवशंकर की भी बुखार से मौत होने की बात कही है। उनके मुताबिक, ये सभी मौतें पिछले 15 से 20 दिनों के भीतर हुई हैं। 1076 पर फोन करने के बाद भी मदद नहीं मिलने का आरोप गांव के आनंद ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लोग बुखार से बीमार हैं। उनके मुताबिक, गांव में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने इलाज में मदद के लिए 1076 पर फोन किया था, लेकिन मदद नहीं मिली। गांव के हाकिम ने बताया कि करीब 25 दिनों से लोग बीमार हैं और कई लोग अब भी बुखार से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 1076 पर सात बार फोन किया और 27 अक्टूबर से लगातार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गांव के प्रमोद भी बुखार से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा, ‘हम आठ दिन से डेंगू पॉजिटिव हैं। आठ दिन से इलाज चल रहा है, लेकिन कोई फायदा नहीं हो रहा। 1076 पर कई बार कॉल की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।’ दो दिन बाद फिर लगेगा स्वास्थ्य कैंप CMO डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाया गया था। 63 लोगों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं, जबकि 18 लोगों के सैंपल की जांच की गई। उन्होंने बताया कि दो दिन बाद गांव में फिर से कैंप लगाया जाएगा। CMO ने कहा कि बुखार से मौतों की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)