यूपी के 60 जिलों में आज PET परीक्षा:11.80 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; नकल करते मिले तो 1 करोड़ जुर्माना
यूपी में आज, शुक्रवार को PET-2026 (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) का दूसरा दिन है। 60 जिलों में 1,372 केंद्रों बनाए गए हैं। इन जिलों में आज 12वीं तक के स्कूल बंद हैं। करीब 11.80 लाख अभ्यर्थी दो शिफ्ट में परीक्षा देंगे। पहली शिफ्ट सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसके लिए सुबह 8 बजे से प्रवेश मिलेगा। सुबह 9:30 बजे गेट बंद हो जाएंगे। दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। इसके लिए दोपहर 1 बजे से प्रवेश शुरू होगा और 1:30 बजे गेट बंद हो जाएंगे। परीक्षा में नकल करने, फर्जी अभ्यर्थी बैठाने या गड़बड़ी करने पर कानूनी कार्रवाई होगी। दोषी पाए जाने पर अभ्यर्थियों को आयोग की आगे होने वाली परीक्षाओं में बैठने से भी रोका जा सकता है। इसके अलावा, कानून के तहत आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। पहले चरण की परीक्षा 25 अक्टूबर को हुई थी। उस दिन 11,80,434 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 8,27,986 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। 1 नवंबर को आखिरी दिन की परीक्षा होगी। कुल करीब 35.41 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। एक गलत जवाब पर कटेंगे 0.25 नंबर PET-2026 का पेपर ऑफलाइन होगा। अभ्यर्थियों को OMR शीट पर 100 सवालों के जवाब देने होंगे। हर सवाल एक नंबर का होगा, जबकि एक गलत जवाब पर 0.25 नंबर काटे जाएंगे। पेपर में इतिहास, भूगोल, अर्थव्यवस्था, भारतीय संविधान, सामान्य विज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी और तर्कशक्ति से 5-5 सवाल पूछे जाएंगे। वहीं, करेंट अफेयर्स, सामान्य ज्ञान, हिंदी गद्यांश और ग्राफ-टेबल से जुड़े 10-10 सवाल होंगे। किसी का सेंटर 520, तो किसी का 650 किमी दूर PET देने के लिए अभ्यर्थियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। जौनपुर के सिद्धार्थ सिंह का परीक्षा केंद्र 520 किलोमीटर दूर मैनपुरी में पड़ा है। उन्होंने बताया कि परीक्षा देने के लिए उन्हें एक दिन पहले ही घर से निकलना पड़ेगा। वहीं, प्रयागराज के मोहम्मद रहमान को परीक्षा देने के लिए 650 किलोमीटर दूर गाजियाबाद जाना होगा। आयोग अध्यक्ष बोले- कंप्यूटर से तय हुए परीक्षा केंद्र उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अध्यक्ष सत्यनारायण साबत ने कहा कि उत्तर प्रदेश बड़ा प्रदेश है। यहां एक छोर से दूसरे छोर की दूरी करीब 1,100 किलोमीटर है। PET के 35 लाख अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध परीक्षा केंद्रों के हिसाब से व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल के वाराणसी, आजमगढ़, बलिया और जौनपुर जैसे जिलों में अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा है, जबकि परीक्षा केंद्र कम हैं। वहीं, पश्चिमी यूपी में अभ्यर्थियों की संख्या कम और परीक्षा केंद्र ज्यादा हैं। इसी वजह से कई अभ्यर्थियों को दूसरे जिलों में केंद्र आवंटित किए गए हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में आयोग अध्यक्ष ने कहा कि नकल रोकने के लिए आयोग कई कदम उठाता है। अब परीक्षा केंद्र ऑटोमेशन यानी कंप्यूटर आधारित प्रक्रिया से तय किए जाते हैं। इसी वजह से इस बार कुछ अभ्यर्थियों को अपेक्षाकृत दूर परीक्षा केंद्र आवंटित हुए हैं। 3 पॉइंट में समझें- किसे कहां मिला सेंटर ग्रुप-B और C की भर्ती के लिए PET जरूरी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की भर्तियों में शामिल होने के लिए PET पास करना जरूरी है। इसके बाद ही अभ्यर्थी लेखपाल, जूनियर असिस्टेंट और VDO जैसे ग्रुप-B और ग्रुप-C पदों की भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)