शामली में एक रात में 15 ट्यूबवेलों में चोरी:किसानों ने पुलिस से आरोपियों को पकड़ने और सामान लौटाने की मांग की
शामली। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़ाना में चोरों ने एक ही रात में करीब 15 ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इनमें एक सरकारी ट्यूबवेल भी शामिल है। बुधवार रात हुई चोरी का पता बृहस्पतिवार सुबह उस समय चला, जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे। ट्यूबवेलों के ताले टूटे और सामान गायब देखकर किसानों के होश उड़ गए। चोरी की घटना से गांव के किसानों में रोष है। जिन किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाया गया, उनमें धर्मेंद्र पुत्र जगबीर, प्रमोद, बलवीर, रूपेंद्र पुत्र राजबीर, अजय, चंदन, प्रवीण पुत्र बोरंग, विनय, कृपाल, जसबीर पुत्र महेंद्र, रविंद्र पुत्र कृपाल, भूरा पुत्र मांगे राम और सहीराम पुत्र चंद्रपाल सहित अन्य किसान शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर जांच अधिकारी करतार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस चोरी हुए सामान और वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। किसानों का कहना है कि दीपावली के त्योहार पर पहले ही खेती की लागत और अन्य परेशानियों का बोझ है। अब एक साथ 15 ट्यूबवेलों में चोरी होने से उन्हें दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। किसानों ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने और सामान बरामद करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)