बिजनौर-मोरना मार्ग पर दर्दनाक हादसा:खड़े ट्रक से टकराई बाइक, दो चचेरे-ममेरे भाइयों की मौत; एक घायल
मुजफ्फरनगर के बिजनौर-मोरना मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से बाइक टकराने के कारण हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रामराज क्षेत्र के हाशमपुर गांव निवासी 21 वर्षीय निक्की पुत्र जबरसिंह बुधवार को कासमपुर खोला गांव स्थित अपने मामा रोहताश के घर आया था। शाम को निक्की अपने ममेरे भाई सचिन (21) और पड़ोसी प्रमेश पुत्र मांगेराम के साथ बाइक पर सवार होकर देवल गया था। रात करीब 11 बजे तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बीआईटी चौकी के पास बिजनौर-मोरना मार्ग पर बीआईटी कॉलेज से कुछ आगे पहुंची, सड़क किनारे डस्ट (रेत-बजरी) से भरे खड़े एक खराब ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे और निक्की व सचिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल प्रमेश को जानसठ सीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक निक्की और सचिन किसानों के यहां गन्ना छिलाई का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। इस संबंध में इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि बाइक सड़क पर खड़े डस्ट से लदे खराब ट्रक से टकराई थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)