सहारनपुर के विश्वास नगर में जलभराव से लोग परेशान:चार साल से शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं, नगर निगम को 10 दिन का अल्टीमेटम

Nov 12, 2026 - 18:13
0
सहारनपुर के विश्वास नगर में जलभराव से लोग परेशान:चार साल से शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं, नगर निगम को 10 दिन का अल्टीमेटम
सहारनपुर के पुराना कलसिया रोड स्थित विश्वास नगर में टूटी सड़कें और क्षतिग्रस्त नालियां लोगों के लिए परेशानी बनी हुई हैं। चार साल से शिकायतों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। गुरुवार दोपहर दो बजे श्री कृष्णा राष्ट्रीय गौ रक्षा दल सेवा समिति और आर्यवीर सेना ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। संगठन के पदाधिकारी और क्षेत्रवासी नगर आयुक्त को ज्ञापन देने नगर निगम परिसर पहुंचे।वे करीब एक घंटे तक इंतजार करते रहे।आरोप है कि कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं आया। इसके बाद लोगों ने ज्ञापन कार्यालय पर चस्पा किया और कार्रवाई के लिए डीएम को भी भेजा। चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो संगठन और क्षेत्रवासी नगर निगम परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। शिक्षक नेता अशोक मलिक ने बताया कि विश्वास नगर की सड़कें और गलियां लंबे समय से टूटी हैं। नालियां क्षतिग्रस्त होने से जगह-जगह पानी भरता है। स्कूल परिसर तक पानी में डूबा रहता है। महिलाओं,बच्चों,बुजुर्गों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी होती है।बीमार लोगों को डॉक्टर तक पहुंचने में भी दिक्कत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के लोग पिछले चार-पांच साल में नगर निगम को सैकड़ों बार शिकायत और प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय पार्षद जावेद को भी समस्या की जानकारी है, फिर भी सड़क और नालियों का निर्माण नहीं कराया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें यह कहकर टाला गया कि उन्होंने वोट नहीं दिया, इसलिए उनकी सड़कें कैसे बनवाई जाएंगी। ज्ञापन में विश्वास नगर की सड़क का मौके पर निरीक्षण कर निर्माण कराने और क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत की मांग की गई है। पिछले चार साल में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट और सड़क-नाली निर्माण के लिए मंजूर बजट का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है। संगठन ने ठेकेदारों के काम और भुगतान की जांच कराने की मांग की है। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है। संगठन के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष आयुष गुप्ता जी महाराज ने प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। अशोक मलिक ने कहा कि लोग नियमित टैक्स देते हैं, इसके बावजूद उन्हें सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। अब जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User