अमरोहा के तिगरी मेले में 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा:90 नावें, 35 वॉच टावर, 11 ड्रोन और 150 CCTV से होगी निगरानी
अमरोहा में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले तिगरी गंगा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे DIG मुनिराज ने मेला स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। मेले में सुरक्षा के लिए 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। CCTV कैमरों और ड्रोन से 24 घंटे निगरानी होगी। 6 जोन और 24 सेक्टर में बांटा गया मेला सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेले को छह जोन और 24 सेक्टर में बांटा गया है। 150 से अधिक CCTV कैमरों और 11 ड्रोन से निगरानी की जाएगी। सदर कोतवाली और कंट्रोल रूम के अलावा 72 पुलिस चौकियां बनाई जा रही हैं। सभी 24 घाटों और मेले के रास्तों पर 60 बैरियर लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए 16 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। मेले में यातायात व्यवस्था वन-वे रहेगी। सुरक्षा के लिए SDRF के साथ PAC की बटालियन भी तैनात होगी। PRV के 15 वाहन और 10 एंबुलेंस मौजूद रहेंगी। गंगा में हर नाव पर पुलिसकर्मी और गोताखोर गंगा में 24 घंटे 90 नावें तैनात रहेंगी। हर नाव पर एक पुलिसकर्मी और एक गोताखोर मौजूद रहेगा। गुमशुदा बच्चों को तलाशने के लिए करीब 450 स्काउट लगाए जाएंगे। मेले की निगरानी के लिए 35 वॉच टावर भी बनाए गए हैं। अग्निशमन विभाग की ओर से 12 बड़े और 25 छोटे फायर टेंडर तैनात किए जाएंगे। मेले में 10 बेड का अस्पताल बनाया गया है, जहां 40 डॉक्टरों की ड्यूटी रहेगी। बिजली विभाग ने लगातार बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक किया जाएगा। झूले, सर्कस और मौत का कुआं भी होगा आकर्षण मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूले, सर्कस और मौत का कुआं तैयार किए जा रहे हैं। हापुड़ और अमरोहा की सीमा पर गंगा की दोनों धाराओं को जोड़ने के लिए पेंटून पुल बनाने का काम भी शुरू होगा। इससे श्रद्धालुओं को मेले के दोनों ओर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। 22 नवंबर से लागू होगी वन-वे व्यवस्था कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर नेशनल हाईवे-9 पर जाम रोकने के लिए पुलिस ने यातायात योजना तैयार की है। 22 नवंबर से वन-वे व्यवस्था लागू होगी। इसके तहत तिगरी जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को गजरौला, इंदिरा चौक और कुमराला होते हुए मेला स्थल तक पहुंचाया जाएगा। वापसी मोहम्मदाबाद और कांठ मार्ग से कराई जाएगी। 23 और 24 नवंबर को जरूरत पड़ने पर नेशनल हाईवे-9 को पूरी तरह बंद भी किया जा सकता है। पिछले साल पहुंचे थे 25 लाख से अधिक श्रद्धालु पिछले साल तिगरी गंगा मेले में 25 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे। इस बार भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)