सहारनपुर के यूनुस-खान यूपी की अंडर-19 टीम में चुने गए:70वीं प्रदेशीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलेंगे
सहारनपुर जिले के युवा क्रिकेटर मोहम्मद यूनुस खान ने अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस्लामिया इंटर कॉलेज, ईदगाह रोड के छात्र यूनुस खान का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-19 स्कूल स्टेट क्रिकेट टीम में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से सहारनपुर के खेल जगत और विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है।
मोहम्मद यूनुस खान ने 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक कानपुर में आयोजित 70वीं प्रदेशीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों की टीमों ने हिस्सा लिया। सहारनपुर मंडल की ओर से खेलते हुए यूनुस खान ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। उनके बेहतर खेल प्रदर्शन और तकनीक के आधार पर उन्हें उत्तर प्रदेश की टीम में जगह मिली है।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली आगामी विद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता मध्य प्रदेश में खेली जाएगी। इसमें मौ० यूनुस खान उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन के साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
इस उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद इस्लामिया इंटर कॉलेज में खुशी का माहौल है। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. गुफरान आलम ने यूनुस खान की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण ने यह मुकाम दिलाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यूनुस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय के खेल शिक्षक अफजल अहमद ने भी छात्र की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और लगन से यूनुस ने यह उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के शिक्षकगण, जिला क्रीड़ा अधिकारी, मंडल के खेल प्रेमियों और परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यूनुस के राष्ट्रीय टीम में चयन को सहारनपुर की खेल प्रतिभाओं के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें मध्य प्रदेश में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां यूनुस से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)