श्रीकृष्ण पर टिप्पणी के बाद धीरेंद्र शास्त्री का विरोध:मथुरा में तीर्थ पुरोहित महासभा ने देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया, ब्रज में बहिष्कार की अपील

Nov 03, 2026 - 19:38
0
श्रीकृष्ण पर टिप्पणी के बाद धीरेंद्र शास्त्री का विरोध:मथुरा में तीर्थ पुरोहित महासभा ने देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया, ब्रज में बहिष्कार की अपील
बागेश्वर धाम के महंत धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मथुरा में संत समाज और तीर्थ पुरोहितों ने इस पर कड़ा आक्रोश जताते हुए देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। श्री माथुर चतुर्वेद परिषद के मुख्य संरक्षक एवं अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के संरक्षक पं. महेश चतुर्वेदी पाठक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति निरादरपूर्ण टिप्पणी क्षमा योग्य नहीं है। कथावाचकों को अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए। माफी मांगने से कम नहीं होती आहत भावनाओं की गंभीरता प्रेसवार्ता में पं. महेश चतुर्वेदी पाठक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण किसी एक समाज या क्षेत्र के आराध्य नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन संस्कृति के प्राण और भारतीय दर्शन के आधार हैं। गीता का दिव्य ज्ञान देने वाले योगेश्वर श्रीकृष्ण के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करती है। उन्होंने कहा कि धीरेन्द्र शास्त्री ने भले ही टिप्पणी पर माफी मांग ली हो, लेकिन इससे आहत भावनाओं की गंभीरता कम नहीं हो जाती। कथा के मंच से लोकप्रियता के लिए न करें मर्यादा का उल्लंघन उन्होंने देशभर के कथावाचकों, संतों और धर्माचार्यों से अपील की कि धार्मिक मंच का इस्तेमाल लोकप्रियता और तालियां बटोरने के लिए नहीं होना चाहिए। किसी देवी-देवता, महापुरुष या आराध्य के बारे में बोलते समय भाषा की मर्यादा और शास्त्रों के ज्ञान का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने मुरारी बापू और प्रदीप मिश्रा से जुड़े पूर्व विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि धर्माचार्यों को ऐसे प्रकरणों से सीख लेनी चाहिए। देशभर में विरोध, ब्रज में बहिष्कार की अपील पं. पाठक ने ऐलान किया कि अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के माध्यम से धीरेन्द्र शास्त्री का संपूर्ण भारत में विरोध किया जाएगा। उन्होंने ब्रजवासियों से भी ऐसे कथावाचकों का बहिष्कार करने की अपील की। इससे पहले परिषद की बैठक में ब्रजभूमि में धीरेन्द्र शास्त्री की कथा नहीं होने देने का निर्णय भी लिया गया था। तीर्थ पुरोहितों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग दोहराई। प्रेसवार्ता का संचालन परिषद के महामंत्री संजय चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान परिषद संरक्षक राकेश तिवारी एडवोकेट, तीर्थ पुरोहित महासभा के वरिष्ठ महामंत्री नवीन नागर, कमल मोला, नीरज चतुर्वेदी, संजय मंत्री, अनिल चतुर्वेदी, हरदेव और सचिन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User