ट्रांसफॉर्मर चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश घायल:मुजफ्फरनगर में दो गिरफ्तार, रोपियों के कब्जे से ई-रिक्शा और अवैध हथियार बरामद
मुजफ्फरनगर में ट्रांसफॉर्मर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी सूरज कुमार राय के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के तहत नगर कोतवाली पुलिस की मंगलवार देर शाम करीब 7:30 बजे बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिन्ना बाईपास के पास हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा के मुताबिक, घायल बदमाश की पहचान शाहनवाज पुत्र रफीक उर्फ भूरा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग की, जिसमें गिरोह के दो अन्य सदस्यों आरिश पुत्र जिंदा और ताहिर पुत्र यशीन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरिश चार दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। उसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। वहीं, ताहिर के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में 25 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों की भूमिका और ट्रांसफॉर्मर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक ई-रिक्शा, तांबे के बंडल, ट्रांसफॉर्मर की कॉइल, 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। ट्रांसफॉर्मर से निकाली गई कॉइल और तांबे के बंडल मिलने के बाद पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं की पड़ताल कर रही है। पिन्ना बाईपास पर मुठभेड़ के बाद पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क, चोरी के माल की खपत और अन्य संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)