सहारनपुर में कमिश्नर, DM-SSP ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा जांची:पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, निष्पक्ष मतदान के पालन को कहा
सहारनपुर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुक्रवार दोपहर एक बजे मतदान के दौरान प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीएम अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने जेवी जैन कॉलेज समेत विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, मतदाताओं के आने-जाने के रास्ते, प्रवेश और निकास की व्यवस्था तथा मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के इंतजामों को परखा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया की निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। मतदान के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। मतदान समाप्त होने के बाद सीलबंद मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्ट्रांग रूम में जमा कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दो घंटे के अंतराल पर मतदान प्रतिशत की जानकारी कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति और किसी भी असामान्य घटना की सूचना समय से देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। मंडलायुक्त ने मतदान ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित प्वाइंट पर सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने या अव्यवस्था फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वहीं,डीएम अरविंद कुमार चौहान ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान के लिए पहुंचने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)