देवरिया में गुरु नानक जयंती पर नगर कीर्तन निकला:पंच प्यारों ने की अगुवाई, बच्चों ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
देवरिया में गुरु नानक देव जी की 558वीं जयंती पर सोमवार शाम न्यू कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे से नगर कीर्तन और शोभायात्रा निकाली गई। शाम करीब 4 बजे शुरू हुई यात्रा रात 10 बजे गुरुद्वारे पहुंची। पंच प्यारे सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे झांकियां, तलवार लिए सिख समाज के युवा और पंजाबी पारंपरिक कपड़ों में बच्चे कीर्तन करते हुए चल रहे थे। ढोल-नगाड़ों और गुरुवाणी के भजनों के बीच यात्रा आगे बढ़ी। झाड़ू-बाल्टी लेकर निकले बच्चे और महिलाएं ग्रंथी दामोदर सिंह के संयोजन में श्रद्धालु गुरुद्वारे में जुटे थे। शोभायात्रा में बच्चे और महिलाएं हाथों में झाड़ू और बाल्टी लेकर चले। उन्होंने रास्ते में सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। बच्चे कटार और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां भी लिए थे। एनसीसी कैडेटों ने भी आयोजन में योगदान दिया। इन रास्तों से होकर गुजरी शोभायात्रा नगर कीर्तन न्यू कॉलोनी चौराहे से पोस्टमार्टम चौराहा, सिविल लाइंस, सुभाष चौक, मालवीय रोड, नगर पालिका रोड, तहसील रोड, रामेश्वर लाल टंकी, मोतीलाल रोड और जलकल रोड से गुजरा। रास्ते में नगरवासियों ने जगह-जगह फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। नगर कीर्तन के जरिए गुरु नानक देव के मानवता, समानता, भाईचारे और सेवा के संदेश दिए गए। गुरुद्वारे में दिनभर चला लंगर, शाम को सजा दीवान गुरुपर्व पर गुरुद्वारे को सजाया गया था। दिनभर लंगर चला, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को गुरुद्वारे में दीवान सजाया गया। रागी जत्थों ने शबद कीर्तन किया। श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु नानक देव जी को याद किया। नगर कीर्तन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)