जौनपुर गैंग से कनेक्शन पर गन हाउस संचालक उठाया गया:गिरोह ने कानपुर से खरीदे थे विदेशी हथियार, 68 दुकानों की हुई जांच

Nov 01, 2026 - 07:22
0
जौनपुर गैंग से कनेक्शन पर गन हाउस संचालक उठाया गया:गिरोह ने कानपुर से खरीदे थे विदेशी हथियार, 68 दुकानों की हुई जांच
जौनपुर में पकड़े गए अंतर्राज्यीय गैंग के तार कानपुर से भी जुड़ रहे हैं। गैंग कानपुर के गन हाउस से विदेशी असलहे और कारतूस खरीदता था। गैंग से मिली जानकारी के बाद जौनपुर पुलिस मूलगंज से गन हाउस संचालक को पूछताछ के लिए ले गई है। दरअसल जौनपुर में अंतर्राज्यीय गैंग के पकड़े जाने के बाद कानपुर के गन हाउस संचालकों पर अवैध तरीके से विदेशी हथियार और कारतूस बेचने का मामला सामने आने लगा है। ऐसे में कई और गन हाउस संचालकों के नाम जुड़े होने की संभावना के चलते एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर विपिन ताडा की अगुवाई में शहर भर के 68 गन हाउस की जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक जांच अभी चल रही है। जौनपुर पुलिस ने गिरोह के पांच लोगों को अरेस्ट किया था पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक एक अभियान के दौरान जौनपुर पुलिस को बदलापुर स्थित कुरांवां नहर पुलिया के पास अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से दो 12 बोर बंदूक, 210 कारतूस, एक .22 बोर राइफल, प्रतिबंधित 9 एमएम पिस्टल, एक .45 बोर ग्लॉक पिस्टल, 10 अन्य कारतूस, 7.58 लाख रुपये नकद और 11 मोबाइल फोन बरामद किया था। इस अंतर्राज्यीय गैंग के तार उत्तर प्रदेश के कानपुर, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली तक जुड़े मिले। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद हथियार और कारतूस का कुछ हिस्सा कानपुर के मूलगंज स्थित हैरिस गन हाउस से खरीदा था। जिसके बाद शनिवार को जौनपुर पुलिस कानपुर पहुंची और गन हाउस के संचालक अब्बास अली को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पूछताछ के लिए गन हाउस संचालक को जौनपुर पुलिस ले गई है। उससे पूछताछ की जा रही है। असलहा और कारतूस खरीद फरोख्त को लेकर उसके रिकार्ड रजिस्टर की जांच की जा रही है। जांच अभी दो दिन और चलेगी। हैरिस और चौधरी गन हाउस के रजिस्टर खंगाले जौनपुर पुलिस से अधिकारियों को इनपुट मिला कि असलहों की अवैध खरीद फरोख्त में कई और गन हाउस संचालक शामिल हो सकते हैं। इसे देखते हुए डॉ. विपिन ताडा ने टीमें बनाकर गन हाउस संचालकों की जांच शुरू करायी। थानेवार टीमों ने शहर भर के 68 गन हाउस की जांच की, जिनमें ज्यादातर बंद मिले। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस मूलगंज स्थित अब्बास अली के हैरिस और चौधरी गन हाउस भी पहुंची। यहां असलहे, कारतूस की खरीद फरोख्त के रजिस्टर खंगाले गए। कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक जांच अभी चल रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User